Malegaon Municipal Election Results 2026: महाराष्ट्र की सियासत में पावरलूम सिटी के नाम से मशहूर मालेगांव ने इस बार ऐसा जनादेश दिया है जिसकी गूंज दिल्ली के गलियारों तक साफ-साफ सुनाई दे रही है. म्युनिसिपल चुनाव में मालेगांव की सियासी जमीन पर ‘हाथ’ के साथ इस बार बड़ा खेला हो गया है. दशकों से कांग्रेस का अभेद किला रहने वाला मालेगांव में पूर्व राकांपा (NCP) विधायक आसिफ शेख की नई नवेली इंडियन सेकुलर लार्जेस्ट असेंबली ऑफ महाराष्ट्र (ISLAM) पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने मिलकर कांग्रेस के वर्चस्व को चुनौती देते हुए उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है.
म्युनिसिपल चुनाव के नतीजों ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक नए और बड़े सवाल को जन्म दे दिया है. क्या मुस्लिम वोट बैंक अब कांग्रेस के हाथ से छटक रहा है? जहां एक तरफ ISLAM पार्टी ने अपने पहले ही चुनाव में 35 सीटें जीतकर सियासी गलियारे में नई हलचल मचा दी है तो वहीं ओवैसी की पार्टी ने 21 सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी बढ़ती ताकत का सबूत दिया है. दूसरी तरफ सत्ता पर बैठने वाली कांग्रेस मात्र 3 सीटों पर सिमट गई है.
बहुमत से कुछ कदम दूर ISLAM
मालेगांव नगर निगम में 84 सीट हैं, जिसके बहुमत के लिए 43 सीटों की जरूरत होती है. इस बार के चुनाव में आसिफ शेख की ISLAM पार्टी ने 35 हालिस की लेकिन इसके बाद भी वह स्पष्ट बहुमत से थोड़ा पीछे रह गई. इस बार के मालेगांव चुनाव में ISLAM पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था जिसे 5 सीटें मिली हैं. दोनों को मिलाकर यह आंकड़ा 40 तक पहुंच जाता है. बहुतम के लिए 3 सीटें इसके बाद भी कम पड़ रही हैं.
असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM बनी दूसरी सबसे बड़ी ताकत
इस चुनाव में ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है. पिछली बार हुए चुनाव में मात्र 7 सीटें जीतने वाली ओवैसी की पार्टी इस बार तीन गुना ज्यादा यानी 21 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है. वहीं एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भी अपनी स्थिति में इस बार के चुनाव में सुधार लाई है और पिछली बार की तुलना में 6 सीटें बढ़ाते हुए कुल 18 सीटों पर जीत पाई है.
कांग्रेस और बीजेपी की करारी हार
सबसे चौंकाने वाले नतीजे कांग्रेस और बीजेपी के लिए हैं. मुस्लिम बहुल इस क्षेत्र में कांग्रेस बुरी तरह सिमट गई है. पिछली बार सत्ता में रहने वाली कांग्रेस इस बार मात्र 3 सीटों पर ही रह गई. इनमें से 2 सीटें पार्टी के शहर अध्यक्ष एजाज बेग और उनकी पत्नी ने जीत हासिल की हैं.
वहीं बीजेपी की भी पकड़ इस पावरलूम शहर में और कमजोर हो गई है इस बार पार्टी को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा.
ठाकरे और पवार की विरासत को चुनौती?
मुंबई और पुणे के चुनावी रुझानों के साथ-साथ मालेगांव के इन परिणामों ने महाराष्ट्र की लिगेसी पॉलिटिक्स यानी विरासत की राजनीति को हकीकत का आईना दिखाया है. राजनीति के जानकारों का मानना है कि नए समीकरणों ने उद्धव ठाकरे और शरद पवार जैसे कद्दावर नेताओं के सामने भी बड़ी चुनौती पेश कर दी है.
ये भी पढे़ंः पहचान और पुराने नारे फेल; महाराष्ट्र ने राजनीति के ओल्ड चैप्टर को कर दिया क्लोज
कांग्रेस के लिए चिंता की बात?
मालेगांव की राजनीति में आए बदलाव ने कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक समीकरणों को हिलाकर रख दिया है. AIMIM और ISLAM ने न सिर्फ मुस्लिम मतदाताओं के बीच कांग्रेस की पकड़ को कमजोर कर दिया है बल्कि चुनावी मैदान में एक नया पावर सेंटर बना दिया है. लोकल लेवल पर मुस्लिम वोटर्स का यह झुकाव और गठबंधन की सक्रियता कांग्रेस के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है क्योंकि उसे डर है कि वोटों का यह बिखराव आगामी चुनावों में उसके गढ़ को ढहा सकता है.
ये भी पढे़ंः पुणे में पवारों की एकता के बीच खिला कमल, चाचा-भतीजा बुरी तरह फेल, क्या होगा भविष्य?
