हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी इस समय एक ऐसे दर्द से गुजर रही हैं, जिसको समझ पाना किसी लिए भी मुश्किल होगा. लेकिन उनके आसपास मौजूद लोग इस दर्द को कुछ हद तक महसूस कर पा रहे होंगे. मगर खुद को संभालते हुए वो अपनी कर्मभूमि पर वापस लौट आई हैं और इस समय अपने क्षेत्र मथुरा में काम कर रही हैं. वहीं हाल ही में एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में सनी के साथ अपने निजी रिश्ते और धर्मेंद्र के जाने के बाद अपनी जिंदगी में हुए बदलाव को लेकर खुलकर बात की है.
घाव भरने में लगेगा और समय
हेमा मालिनी से बातचीत के दौरान जब उनका हाल लिया गया तो एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं उस समय बहुत गहरे दुख में थीं, और वो दुख अभी भी है. मगर मैं उस दुख से बाहर निकलने की कोशिश कर रही हूं, क्योंकि ये मेरे लिए ये दर्द बर्दाश्त से बाहर है. सब कहते हैं मैं मजबूत हूं…और हां मैं मजबूत हूं भी. मुझे आगे बढ़ना है, मुझे हर हाल में आगे बढ़ना ही होगा.’
दर्द में हैं हेमा मालिनी
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘हम 57 साल तक साथ थे. मैं उनके बिना जिंदगी के बारे में सोच भी नहीं नहीं सकती थी, मुझे हर पल उनकी याद आती है. ऐसा नहीं था कि हम हर वक्त साथ रहते थे. लेकिन वो हमेशा मुझसे पूछते रहते थे ‘तुम कहां हो? कब आ रही हो? क्या तुम वापस आ रही हो? तो मैं भी घर वापस आ जाता हूं. वो जब भी लोनावला से वापस आते, तब परिवार के साथ वक्त बिताते थे. उनके बिना मुझे बहुत दुख होता है. मैं उनसे दोबारा कब मिल पाउंगी.’
सनी-बॉबी के साथ नहीं है कोई अनबन
धर्मेंद्र के जाने के बाद कई बार ऐसी खबरें आईं कि सनी और बॉबी देओल के साथ हेमा मालिनी के रिश्ते अच्छे नहीं हैं और वो एक दूसरे से बात नहीं करते हैं. लेकिन इन सभी अफवाहों को खारिज करते हुए इस बातचीत के दौरान कहा, ‘हमारे बीच हमेशा एक अच्छा और सम्मानजनक रिश्ता रहा है. मुझे नहीं पता कि लोग क्यों सोचते हैं कि हमारे बीच कुछ गलत है. ऐसा इसलिए है क्योंकि लोगों को गॉसिप चाहिए. मैं उन्हें जवाब क्यों दूं? क्या मेरे लिए सफाई देना जरूरी है? मैं क्यों दूं? यह मेरी जिंदगी है. मेरी पर्सनल लाइफ, हमारी पर्सनल लाइफ. हम बहुत खुश हैं और एक-दूसरे के बहुत करीब हैं. बस इतना ही, मुझे इस बारे में और कुछ नहीं कहना है.’
