Sayak Chakraborty alleged served beef instead of mutton: कोलकाता के पॉश इलाके पार्क स्ट्रीट में स्थित एक चर्चित पब ‘ओली (Oly)’ में शुक्रवार रात उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब बंगाली अभिनेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सायक चक्रवर्ती ने गंभीर आरोप लगाया. उनका कहना है कि उन्होंने और उनके साथियों ने मटन स्टेक ऑर्डर किया था, लेकिन उन्हें गोमांस (बीफ) परोस दिया गया, जिसे वे अनजाने में खा चुके थे.
दूसरी प्लेट ने खोला राज
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सायक चक्रवर्ती के मुताबिक, मामला तब सामने आया जब टेबल पर एक और स्टेक परोस दिया गया, जबकि सिर्फ एक ही स्टेक ऑर्डर किया गया था. जब उन्होंने वेटर से सवाल किया तो जवाब मिला कि दो स्टेक ऑर्डर किए गए थे एक मटन और एक बीफ. इसी बात पर सायक ने आपत्ति जताई और विरोध शुरू हो गया.
वीडियो वायरल, माफी मांगता दिखा स्टाफ
घटना के बाद सायक चक्रवर्ती ने पब के अंदर का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में वे वेटर से सवाल करते और नाराजगी जाहिर करते दिखते हैं. इसी दौरान वे यह कहते भी सुनाई देते हैं कि “मैं ब्राह्मण हूं, मेरी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.” वीडियो में वेटर और पब का मैनेजर दोनों माफी मांगते नजर आते हैं. मैनेजर ने इसे “गंभीर गलती” बताया.
पुलिस की कार्रवाई, वेटर गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद पार्क स्ट्रीट पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की. पुलिस ने वेटर शेख नसीरुद्दीन को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत गिरफ्तार किया है. यह धारा जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से जुड़े मामलों में लगाई जाती है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है.
A well known vlogger, actor and his friends went to Olypub; a restaurant in Park Street and ordered mutton steak. But they were served beef steak instead ! The waiter later came back with mutton steak saying it was a “mistake”. Later even the manager came and tried passing it off… pic.twitter.com/9hAcOPZWbi
— Keya Ghosh (@keyakahe) January 31, 2026
ट्रोलिंग के बाद सफाई
जैसे-जैसे वीडियो सोशल मीडिया पर फैला, सायक चक्रवर्ती को ट्रोल किया जाने लगा. कुछ लोगों ने उन पर सांप्रदायिक माहौल भड़काने और राजनीतिक एजेंडा चलाने के आरोप लगाए. इसके बाद सायक ने पहला वीडियो हटा दिया और एक नया वीडियो जारी कर सफाई दी.
“मेरा कोई राजनीतिक मकसद नहीं”
सायक ने कहा कि उनका कोई राजनीतिक या सांप्रदायिक इरादा नहीं है. उन्होंने बताया कि उनके कई मुस्लिम दोस्त हैं और वे हमेशा आपसी भाईचारे में विश्वास रखते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्रतिक्रिया उस समय पूरी तरह भावनात्मक थी. साथ ही उन्होंने वेटर के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि अगर ऐसी गलतियों पर सवाल नहीं उठाए जाएंगे, तो आगे भी लोग ऐसी स्थिति में फंस सकते हैं. इस मामले में फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही यह साफ होगा कि यह महज लापरवाही थी या कोई बड़ी चूक.
