News in Brief

Bengal Politics: बंगाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कोलकाता के दो मशहूर फुटबॉल क्लबों के नाम का गलत उच्चारण कर दिया. केंद्रीय मंत्री के इन नामों के गलत उच्चारण करने के बाद बंगाल में राजनीतिक बवाल मच गया है. टीएमसी ने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र की एनडीए सरकार पर बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का अपमान करने का आरोप लगाया है. केंद्रीय मंत्री मंडाविया का ये गलत उच्चारण वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

दरअसल, केंद्रीय मंत्री ने इंडियन सुपर लीग (ISL) में संकट के समाधान पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कोलकाता के दो मशहूर फुटबॉल क्लबों (मोहन बागान और ईस्ट बंगाल) के नाम का गलत उच्चारण किया. इस दौरान उन्होंने इन क्लबों को “मोहन बैंगन” और “ईस्ट बैंगन” कहकर संबोधित किया. जिसका हिंदी में मतलब बैंगन होता है. लोग इस वीडियो पर अपनी-अपनी राय दो रहे हैं. कुछ इसको मानवीय भूल बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह बंगाल का अपमान है. 

मंडाविया का बयान और उसका संदर्भ 

Add Zee News as a Preferred Source

गौरतलब है कि इस पीसी के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आईएसएल सीजन को फिर से शुरू करने के लिए सरकार की कोशिशों के बारे में बताया. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लीग इस साल फिर से 14 फरवरी से शुरू होगी, जिसमें सभी 14 क्लब शामिल होंगे. इन क्लबों में मोहन बागान और ईस्ट बंगाल क्लब भी शामिल हैं. इस पीसी के दौरान मंडाविया की जुबान फिसल गई. अपनी स्क्रिप्ट पढ़ने के दौरान केंद्रीय मंत्री इन क्लबों के नामों पर अटक गए और उन्होंने मोहन बागान को ‘मोहन बैंगन’ और ईस्ट बंगाल को ‘ईस्ट बैंगन’ कह दिया. इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस वीडियो पर कई लोग आपत्ति जताई और आलोचना भी हुई है. 

लोगों ने कहा- ये सामान्य गलती

मंडाविया के इस गलत उच्चारण को उनके समर्थकों और कुछ पर्यवेक्षकों ने गलती करार दिया और कहा कि ये सामान्य है. कहा गया कि तेजी से पढ़ने के दौरान बंगाली उच्चारण से अपरिचित होने के कारण ऐसा हुआ. इस दौरान यह भी कहा गया कि ऐसी गलतियां इंसानों से होती हैं और इन्हें अच्छे नतीजे पर हावी नहीं होने देना चाहिए. हालांकि, इस बात पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि इस गलत उच्चारण पर अभी तक न तो मंडाविया और न ही युवा मामले और खेल मंत्रालय ने इस आलोचना पर कोई सीधा जवाब दिया है.

टीएमसी ने केंद्रीय मंत्री पर साधा निशाना 

केंद्रीय मंत्री के फुटबॉल क्लबों के नाम के गलत उच्चारण को टीएमसी ने तुरंत भुना लिया. टीएमसी की ओर से बीजेपी पर निशाना साधने में बिल्कुल देरी नहीं की गई. टीएमसी की ओर से इस गलती को बंगाल विरोधी के साथ पक्षपात का सबूत बताया गया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में टीएमसी ने लिखा कि केंद्रीय मंत्री बंगाल के सौ साल पुराने मशहूर फुटबॉल क्लबों के नामों का सही उच्चारण नहीं कर पाए, जिस सम्मान के वे हकदार हैं. आगे इस पोस्ट में सही उच्चारण को लिखा गया और बांग्ला-विरोधी ताकतों पर राज्य की संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया गया. इसके साथ ही कहा गया कि फुटबॉल बंगाल के खून में है. उधर, टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने भी अपने एक्स पोस्ट में इन्ही भावनाओं को दोहराया. उन्होंने केंद्रीय मंत्री को नासमझ तक कह दिया और बीजेपी को भगवा गंवार करार दिया. आगे दावा किया कि बंगाल में बीजेपी समाप्त हो जाएगी.