दिल्ली दंगों जुड़े मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत नहीं मिली तो उनके समर्थन में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा उतर गईं. महुआ ने उमर खालिद के समर्थन में अपने एक्स पर एक बेहतरीन कविता लिखी और उसका उत्साह बढ़ाया. वहीं अब उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में अब एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी भी उतर आए हैं. ओवैसी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत न दिए जाने पर हैरानी जताते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी.
ओवैसी ने उमर और शरजील की जमानत सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्वीकार नहीं किए जाने के बाद न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, ‘यह हैरानी और चौंकाने वाली बात है कि इन दोनों लोगों को जमानत नहीं मिली है.’ दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगा मामले में अन्य आरोपियों गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान और मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को जमानत दे दी जबकि 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित साजिश मामले में खालिद और इमाम को राहत देने से इनकार कर दिया.
टीएमसी सांसद की उमर पर पोस्ट
वहीं इसके पहले दिल्ली दंगों के मामलों में जुड़े उमर खालिद को सुप्रीम कोर्ट से जमानत नहीं मिलने को लेकर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने उमर खालिद के समर्थन में एक कविता लिखी थी. टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने जेल में बंद उमर खालिद के समर्थन में एक पोस्ट पर लिखा,
‘तुम उठोगे
@UmarKhalidJNU
तुम मुझे इतिहास में लिख सकते हो
अपनी कड़वी, उलटी-सीधी बातों से,
तुम मुझे धूल में मिला सकते हो
लेकिन फिर भी, धूल की तरह, मैं उठूंगा…
तुम मुझे अपने शब्दों से गोली मार सकते हो,
तुम मुझे अपनी आंखों से काट सकते हो,
तुम मुझे अपनी नफ़रत से मार सकते हो,
लेकिन फिर भी, हवा की तरह, मैं उठूंगा’
उमर के लिए कविता में महुआ का संदेश
कविता में लिखा गया है कि चाहे झूठ फैलाए जाएं, शब्दों से हमला किया जाए या नफरत दिखाई जाए, फिर भी वह (उमर खालिद) दोबारा उठेंगे. महुआ मोइत्रा की इस पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई. वहीं इसके पहले सोमवार (5 जनवरी) को सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित साजिश मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था. हालांकि इसी मामले में गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को जमानत मिल गई है. अदालत के इस फैसले के बाद अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
यह भी पढ़ेंः महुआ मोइत्रा का पैगाम, उमर खालिद के लिए लिखी ‘You Will Rise’ कविता
