Rohit Shetty Home Firing Case: फिल्म निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच में जुटी हुई है और अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है. पुलिस ने हाल ही में एक नया सीसीटीवी फुटेज जारी किया है, जिसमें फायरिंग करने वाला आरोपी स्कूटी से तेज रफ्तार में फरार होते दिखाई दे रहा है.
प्री-प्लान था पूरा
जांच में सामने आया है कि यह हमला पहले से प्री-प्लान था. आरोपी और उसके साथियों ने पहले रोहित शेट्टी के घर और आसपास के इलाके की कई दिनों तक रेकी की थी. इसके बाद फायरिंग की और स्कूटी से फरार हो गए.पुलिस के अनुसार, शूटर फायरिंग करने के बाद स्कूटी से विले पार्ले रेलवे स्टेशन तक पहुंचा, जहां उसने स्कूटी छोड़ी और ट्रेन से मुंबई से बाहर निकल गया.
मास्टरमाइंड शुभम लोनकर
पुलिस ने बताया कि स्कूटी पुणे से खरीदी गई थी, जिसकी कीमत 30 हजार रुपए थी. स्कूटी मूल रूप से आनंद मारोटे के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिसे बाद में आरोपी आदित्य गायकवाड़ को बेचा गया. सौदे के पैसे कथित मास्टरमाइंड शुभम लोनकर ने दिए. इसके बाद आरोपी समर्थ पोमाजी के निर्देश पर सिद्धार्थ येनपुरे और स्वप्नील सकट ने स्कूटी को पुणे से लोनावाला तक पहुंचाने की कोशिश की,ताकि इसे मुख्य शूटर को सौंपा जा सके.
सिग्नल ऐप के जरिए भेजे गए
हालांकि, शूटर लोनावाला नहीं पहुंच सका, इसलिए स्कूटी को लगभग 10 दिन पहले मुंबई में पहुंचाया गया और अज्ञात शूटर को सौंपा गया.जांच में यह भी सामने आया कि मुंबई में स्कूटी पहुंचाने वाले आरोपियों को पता था कि यह आपराधिक साजिश का हिस्सा है, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि निशाना रोहित शेट्टी का घर है. समर्थ पोमाजी ने मुख्य शूटर की मदद की और शुभम लोनकर के निर्देश पर आदित्य गायकवाड़ के साथ मिलकर स्कूटी का इंतजाम किया. सभी आरोपियों का शुभम लोनकर से सीधा संपर्क था और उन्होंने सिग्नल ऐप के जरिए नियमित रूप से बातचीत की.
शादी के लिए बधाई मैम…ये सुनते ही शरमा गईं रश्मिका मंदाना…गुलाबी हो गया चेहरा..कहा कुछ ऐसा, क्या खुद कर दिया कंफर्म?
अब तक पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनकी पहचान आदित्य गायकवाड़, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी और स्वप्नील सकट के रूप में हुई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मास्टरमाइंड शुभम लोनकर की तलाश जारी है.
इनपुट-एजेंसी
