Army Day Parade: देश में सेना दिवस परेड की तैयारियां जोरों से चल रही हैं. सेना की होने वाली परेड में अब कुछ ही समय बचे हैं. इससे पहले भारतीय सेना ने लद्दाख में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सेना ने लद्दाख के चुशुल क्षेत्र में दुनिया की सबसे ऊंचाई पर ग्रीन हाइड्रोजन माइक्रोग्रिड परियोजना स्थापित की गई है. चुशुल लद्दाख का सबसे ऊंचा गांव है.
दरअसल, यह परियोजना काफी कठिन और दुर्गम परिस्थितियों में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को दिखाती है. इस महत्वकांक्षी परियोजना को एनटीपीसी के सहयोग से विकसित किया गया है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी भारतीय सेना की अतिरिक्त महानिदेशालय जन सूचना विभाग के अधिकारिक एक्स पोस्ट के जरिए दी गई है.
ग्रीन हाइड्रोजन माइक्रोग्रिड की विशेषताएं
बताया जाता है कि इस ग्रीन हाइड्रोजन माइक्रोग्रिड के जरिए चुशुल में तैनात सैनिकों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा सकेगी. इससे पारंपरिक जीवाश्म पर निर्भरता कम होगी. वहीं, पर्यावरण संरक्षण को भी बड़ी मजबूती मिलेगी. अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना से हर साल करीब 1500 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी देखने को मिलेगी. वहीं, -40 डिग्री सेल्सियस तक की भीषण ठंड, तेज हवाओं औक कम ऑक्सीजन वाली कठिन परिस्थितियों में भी यह सिस्टम पूरी तरीके से निर्बाध काम करने में सक्षम रहेगा.
भारत के आत्मनिर्भरता की उदाहरण है ये पहल
उल्लेखनीय है कि यह पहल भारतीय सेना की स्थिरता, सहनशक्ति और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है. चूंकि अत्यधिक ठंड, ऊंचाई और सीमित संसाधनों वाले क्षेत्र में ग्रीन एनर्जी का प्रयोग करना सेना के लिए एक रणनीतिक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है. ध्यान दिया जाना चाहिए कि आर्मी डे की परेड से पहले सामने आई ये पहल सैन्य दृष्टि से काफी अहम है. वहीं, यह भी संदेश है कि भारत सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में भी हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के रास्ते पर मजबूती अपने कदम बढ़ाए हुए है. (इनपुट- आईएएनएस)
