News in Brief

Ladakh Earthquake Today: सोमवार यानी आज लद्दाख में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप सुबह 11 बजकर 51 मिनट 14 सेकंड पर आया. इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.7 मापी गई. भूकंप का केंद्र लेह-लद्दाख इलाके में बताया गया है. यह हिमालयी क्षेत्र का हिस्सा है. पहले से ही भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है.

कई किलोमीटर की गहराई में आया भूकंप
एनसीएस ने जानकारी दी है कि भूकंप जमीन के काफी नीचे करीब 171 किलोमीटर की गहराई में आया. इसकी वजह से झटके महसूस तो हुए. हालांकि असर ज्यादा देखने को नहीं रहा. यही कारण है कि अभी तक किसी तरह के नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

एडवाइजरी भी जारी
भूकंप के बाद सरकार की ओर से एक एडवाइजरी भी जारी की गई है. लोगों से कहा गया है कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें. खासतौर पर ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. अधिकारियों ने यह भी कहा है कि अगर आफ्टरशॉक आते हैं तो लोग सुरक्षित जगहों पर रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें.

Add Zee News as a Preferred Source

भूकंप के लिए संवेदनशील इलाका 
यह इलाका पहले से ही भूकंपीय गतिविधियों के लिए जाना जाता है. लद्दाख और आसपास का पूरा हिमालयी बेल्ट भूकंप के प्रति संवेदनशील माना जाता है. विशेषज्ञों का कहना है कि यहां जमीन के अंदर लगातार हलचल होती रहती है जिसकी वजह से समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं.

बता दें कि यह भूकंप ऐसे समय पर आया है जब आसपास के इलाकों में भी भूकंपीय गतिविधियां बढ़ी हुई हैं. इससे एक दिन पहले अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था. वहीं 15 जनवरी को भी वहां 4.2 तीव्रता और 14 जनवरी को 3.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे. इन सभी भूकंपों की गहराई 90 से 96 किलोमीटर के बीच बताई गई थी.

जानकार बता रहे हैं कि कम गहराई वाले भूकंप ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं. उनके झटके जमीन की सतह तक जल्दी पहुंचते हैं. लद्दाख में आया यह भूकंप गहराई में था. यही कारण है कि इसका असर कम दिखाई दिया. राहत है कि किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है.अब भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है.

यह भी पढ़ें: केरल युवक आत्महत्या मामला, परिवार ने की कार्रवाई की मांग, कहा- न्याय के लिए किसी भी हद तक जाएंगे