News in Brief

Air India Express suspends employee: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कथित मारपीट के एक गंभीर मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने एक कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया है. यह कदम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सामने आए आरोपों के बाद उठाया गया है.

क्या था पूरा मामला?
दरअसल, अंकित धवन नाम के एक यात्री ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक पायलट ने उनके साथ शारीरिक मारपीट की गई. अंकित धवन के अनुसार, यह घटना दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर सुरक्षा जांच के दौरान हुई. उन्होंने दावा किया कि वह अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे और उनके साथ चार महीने का बच्चा स्ट्रोलर में था. इसी वजह से एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें स्टाफ और पीआरएम वाली सुरक्षा लाइन से जाने की सलाह दी थी.

अंकित धवन का आरोप है कि उसी लाइन में कुछ स्टाफकर्मी कतार तोड़कर आगे जा रहे थे. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट कैप्टन विरेंद्र सेजवाल ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और फिर मामला बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया. अंकित के अनुसार, इस मारपीट में उन्हें चोट आई और उनके कपड़ों पर खून के निशान भी पड़े मिलें.

Add Zee News as a Preferred Source

इंडिया एक्सप्रेस ने भी किया बयान जारी
इस घटना के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से बयान जारी किया है. एयरलाइन ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि आरोपी कर्मचारी को तुरंत सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, एयरलाइन ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग देने की बात कही है.

अंकित धवन ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि इस घटना के कारण उनकी छुट्टी खराब हो गई, उन्हें डॉक्टर के पास जाना पड़ा और उनकी छोटी बेटी इस घटना से मानसिक रूप से डरी हुई है. उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति जमीन पर अपना आपा नहीं संभाल सकता, क्या उसे सैकड़ों यात्रियों की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए. इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं और दिल्ली पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए.

यह मामला न सिर्फ एक व्यक्ति पर हुए कथित हमले का है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा, एयरपोर्ट प्रबंधन और विमानन कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करता है. अब सबकी नजर जांच के नतीजों और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.

ये भी पढ़ें: प्रथम आलो का क्या है हिंदी मतलब! बांग्लादेश के सबसे अधिक पढ़े जानें वाले अखबार के दफ्तर में क्यों लगाई आग