
CM Devendra Fadnavis in Davos: मुंबई महानगरपालिका में मेयर पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दावोस दौरे पर होने की वजह से फिलहाल बातचीत पर ब्रेक लगा है. माना जा रहा है कि सत्ता साझेदारी और मेयर चयन को लेकर चर्चा पूरे जनवरी महीने चल सकती है. मेयर पद किस वर्ग को मिलेगा, इसका फैसला लॉटरी के जरिए होना है, जिसकी तारीख अगले कुछ दिनों में तय की जा सकती है.
सूत्रों के मुताबिक मेयर पद की लॉटरी 22 जनवरी को कराई जा सकती है. इसी लॉटरी से यह तय होगा कि मेयर का पद ओपन कैटेगरी, एससी.एसटी, ओबीसी या महिला वर्ग को जाएगा. कैटेगरी तय होने के बाद उसी दिन या अगले दिन आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. इसके बाद नियम के अनुसार चुनाव से पहले सात दिन का नोटिस देना जरूरी होता है. अगर 22 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी होता है तो मेयर का चुनाव 29 या 30 जनवरी को हो सकता है. वहीं 23 जनवरी को नोटिफिकेशन आने पर चुनाव 30 या 31 जनवरी को कराए जाने की संभावना है.
किस भगवान की बात कर रहे हैं राउत
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल होने के लिए दावोस रवाना हुए हैं. वह 24 जनवरी को भारत लौटेंगे. इससे पहले फडणवीस ने कहा था कि मेयर का फैसला वह, एकनाथ शिंदे और अन्य वरिष्ठ नेता मिलकर करेंगे. यह बयान उन्होंने शिवसेना.यूबीटी के नेता संजय राउत की टिप्पणी पर दिया था. राउत ने कहा था कि ईश्वर की इच्छा से मेयर शिवसेना का हो सकता है. इस पर तंज कसते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्हें नहीं पता राउत किस भगवान की बात कर रहे हैं, ऊपर वाले की या उनकी, क्योंकि उन्हें भी लोग देवाभाऊ कहते हैं.
दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की 56वीं वार्षिक बैठक 19 से 23 जनवरी तक चलेगी. इसमें 130 से ज्यादा देशों के करीब 3 हजार नेता हिस्सा ले रहे हैं. दावोस पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद मराठी समुदाय से मुलाकात की है. उनके साथ उद्योग मंत्री उदय सामंत और वरिष्ठ अधिकारी भी गए हैं.
16 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 महाराष्ट्र को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा. पिछले साल महाराष्ट्र ने 16 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए थे. इस साल सरकार का टारगेट इससे भी ज्यादा निवेश लाना है. दावोस में विदेशी निवेश, रोजगार देने वाली परियोजनाओं और औद्योगिक विकास पर खास फोकस रहेगा. ज्यूरिख में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने मुंबई को बदलने का काम किया है.
ये भी पढ़ें: क्या है मुस्लिम ब्रदरहुड? अमेरिका ने घोषित किया आतंकवादी संगठन; UAE खुश, तुर्की के लिए बड़ा झटका
