
Maharashtra News:महाराष्ट्र के ठाणे से एक वीडियो सामने आया है, जिसने स्थानीय राजनीति में तहलका मचा दिया. वायरल हो रहे वीडियो में भाजपा की एक नवनिर्वाचित पार्षद और एक युवक दिखाई दे रहे हैं. महिला पार्षद युवक को धमकाती नजर आ रही है. वीडियो महाराष्ट्र नगर परिषद चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद का बताया जा रहा है. वीडियो में दिखाई दे रही महिला पार्षद का नाम प्रणिता कुलकर्णी है, जिसने बदलापुर नगर परिषद चुनाव में जीत हासिल की थी. दरअसल, युवक पर आरोप है कि वो नगर परिषद चुनाव में वोट करने के लिए नहीं गया, जिसके चलते पार्षद उस पर भड़क गई.
वीडियो में क्या?
लेकिन ये पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. जिसके चलते अब विपक्ष और स्थानीय जनता पार्षद की आलोचना कर रही है. वायरल वीडियो में नवनिर्वाचित पार्षद युवक से पूछती है कि उसने वोट क्यों नहीं डाला. इसके अलावा वीडियो में महिला पार्षद प्रणिता कुलकर्णी पैसों को लेकर भी सवाल उठा रही है. वीडियो में पार्षद और युवक के बीच बहस लगातार बढ़ती गई और प्रणिता ने युवक से कहा कि क्या हम तुम्हारा घर चलाएं. वीडियो सामने आते ही लॉकल राजनीति गलियारों में इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई और पार्षद विपक्षी पार्टी के निशाने पर आ गई.
यह भी पढ़ें: BMC चुनाव की लड़ाई हुई दिलचस्प, BJP ने 66 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी; जानें किसे मिला टिकट
बीजेपी पार्षद ने दी सफाई
हालांकि, बीजेपी पार्षद ने इस पूरी घटना को लेकर सफाई दी है. प्रणिता का कहना है कि उन्होंने उस युवक को पैसे उधार दे रखे थे, जिसके चलते उसके साथ विवाद हुआ. प्रणिता ने यह भी बताया कि उस व्यक्ति को उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर उधार दिया था, उसने वो अभी तक नहीं लौटाया है. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस बातचीत और पैसे का वोट के बदले नोट से कोई ताल्लुकात नहीं हैं. वहीं विपक्षी पार्टी के बीच इस वीडियो को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं.

