News in Brief

Venezuela oil shipment: अमेरिका ने कुछ दिन पहले वेनेजुएला से तेल लेने जा रहे रूसी झंडे वाले टैंकर को उत्तरी अटलांटिक में रोककर जब्त कर लिया था. इस टैंकर पर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का रहने वाला 26 वर्षीय मर्चेंट नेवी ऑफिसर भी मौजूद था, जिसकी 19 फरवरी को शादी होनी है. अमेरिका की तरफ से कब्जाए गए टैंक पर 28 लोगों का क्रू मौजूद था, जिसमें तीन भारतीय शामिल हैं. इन्हीं में एक रक्षित चौहान हैं, जिन्होंने 1 अगस्त 2025 को मर्चेंट नेवी ज्वाइन की थी. 

रक्षित अपने पहले समुद्री असाइनमेंट के लिए रूसी झंडा लगे नेरिनेरा यानि कि बेला 1 टैंकर पर मौजूद था, जिसको 7 जनवरी के दिन अमेरिका ने रोककर जब्त कर लिया था.  रक्षित चौहान की मां रीता देवी ने पालमपुर में मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से इस मामले में तत्काल राजनीतिक हस्तक्षेप की अपील की है. उन्होंने कहा कि आप मेरे बेटे रक्षित की सुरक्षित वापसी को सुनिश्चित करें. उन्होंने आगे कहा कि रक्षित की 19 फरवरी को शादी है और परिवार भगवान से प्रार्थना कर रहा है कि उस तारीख तक वापस घर लौट आए.

प्रधानमंत्री से अपील
परिवार ने आखिरी बार 7 जनवरी को रक्षित से बात की थी, जिसके बाद से उनका कोई कांटेक्ट उससे नहीं हो पाया है. परिवार की तरफ से प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से अपील की गई है कि वो रक्षित के साथ-साथ गोवा और केरल के दो अन्य भारतीयों की भी सुरक्षित घर वापसी को सुनिश्चित करें. आपको बता दें कि रूसी झंडा लगा एक टैंकर समुद्री रास्ते से तेल लेने के लिए वेनेजुएला जा रहा था, इस दौरान अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने उसको रोका और जब्त कर लिया. 

Add Zee News as a Preferred Source

क्या बोले नेता?
ये सब उस वक्त हुआ जब अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के तेल पर अमेरिका का अधिकार बताते हुए सभी डील खुद करने की बात कही थी. रक्षित के पिता ने कहा कि जिस दिन टैंकर के क्रू को पकड़ा था तब से चालक दल के सदस्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं है. पालमपुर विधायक आशीष बुटैल ने रक्षित के पिता से पूरी जानकारी मांगी है और उसकी घर वापसी का आश्वासन भी दिया है. इस बारे में वो हिमाचल के सीएम सुखवंत सिंह सुक्खू से बात करेंगे. 

यह भी पढ़ें: हिजाब में रील बनाती थी इन्फ्यूएंसर, मिली जान से मारने की धमकियां, घर तक पहुंचे कट्टरपंथी