News in Brief

KISS Student Death: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में स्थित कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (KISS) के हॉस्टल में प्लस-टू के एक छात्र का शव संदिग्ध हालत में मिला. इस घटना के बाद पूरे परिसर हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, छात्र का शव उसके हॉस्टल कमरे में फांसी पर लटका हुआ पाया गया था.  

नुआपड़ा का रहने वाला था छात्र

सूत्रों के मुताबिक, मृत छात्र ओडिशा के नुआपड़ा जिले का निवासी था. सूचना मिलने पर इन्फोसिटी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने एब्नार्मल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. 

Add Zee News as a Preferred Source

भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने कहा कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा. पुलिस छात्र के रूममेट्स और अन्य साथियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी मिल सके. इस बीच, संस्थान की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. छात्रावास परिसर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. 

ये भी पढ़ें: भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, फर्जी आधार कार्ड बनाकर छिपे थे आतंकी; तमिलनाडु-बंगाल से गिरफ्तार हुए 8 दहशतगर्द

पहले भी हास्टल में हो चुकी है ऐसी घटनाएं

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी KISS परिसर में एक और छात्र की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था. उस समय केन्दुझर जिले के कक्षा 9 के छात्र का शव मिला था. शुरुआत में मौत का कारण डायरिया बताया गया था, लेकिन बाद में जांच में हत्या का मामला सामने आया था. आरोप लगे थे कि कुछ छात्रों ने मिलकर उसकी हत्या की थी और मामले को दबाने की कोशिश की गई थी.