Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाल होने जा रहे हैं. इससे पहले राज्य में सियासी पारा काफी बढ़ रहा है. इस बीच सत्तारुढ़ डीएमके के सांसद दयानिधि मारन ने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिसने एक बड़ा सियासी तूफान खड़ा कर दिया है. दरअसल, चेन्नई सेंट्रल से चार बार सांसद रहे मारन ने उत्तर भारत की महिलाओं को लेकर विवादास्पद बयान दिया है. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु या दक्षिण भारत की महिलाओं को पढ़ाई करने के लिए कहा जाता है, जबकि उत्तर भारत में लड़कियों को रसोई में काम करने और बच्चा पैदा करने के लिए कहा जाता है.
जानकारी के अनुसार, डीएमके सांसद ने कायद-ए-मिल्लत सरकारी महाविद्यालय में छात्राओं को संबोधित करते हुए ये बाते कहीं हैं. उन्होंने कहा कि हमारी लड़कियों को लैपटॉप के साथ आत्मविश्वास और गर्व महसूस करना चाहिए, चाहे वे किसी इंटरव्यू में हिस्सा लें या स्नाकोत्तर की पढ़ाई करें. उन्होंने कहा कि यह आत्मविश्वास तमिलनाडु में है, जहां हन लड़कियों को पढ़ने और पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं. उत्तर भारत में लड़कियों से कहा जाता है काम पर म जाओ, घर पर रहो, रसोई में रहो, बच्चा पैदा करो, यही तुम्हारा काम है.
जानिए और क्या बोले मारन
डीएमके सांसद मारन ने कहा कि यह तमिलनाडु है, एक द्रविड़ राज्य और स्टालिन का शासन है. यहां आपकी प्रगति ही राज्य की प्रगति है. यही कारण है कि वैश्विक कंपनियां चेन्नई आती हैं, क्योंकि यहां पर हर एक व्यक्ति शिक्षित है. न केवल तमिल में बल्कि अंग्रेजी भी लोगों को समझ आता है. सरकार महिलाओं की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. हमें आपका प्यार और समर्थन हमेशा मिलता रहे.
उपमुख्यमंत्री ने छात्राओं को बांटे लैपटॉप
इस कार्यक्रम के दौरान तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री और सीएम स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने उनगम उंगल कैयिल योजना के तहत छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए. उन्होंने यह भी कहा कि आज सभी छात्राओं को लैपटॉप वितरित करते हुए मुझे प्रसन्नता हो रही है. यह अक्सर कहा जाता है कि शिक्षा पूरी करने के बाद लड़कियां समाज में अहम भूमिका निभाती हैं. हम सभी को छात्राओं पर गर्व है.
यह भी पढ़ें: 2 पर्सेंट में दिखा कांग्रेस को स्कोप, असम में हिमंता की लहर रोकेगी प्रियंका गांधी की ‘दीवार’?
बीजेपी का डीएमके सांसद पर पलटवार
डीएमके सांसद दयानिधि मारन के बयान पर सियासत काफी तेज हो गई है. बीजेपी ने डीएमके सांसद पर पलटवार किया है. तमिलनाडु में बीजेपी के प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने कहा कि दयानिधि मारन ने एक बार फिर उत्तर भारतीय लोगों का अपमान किया है. मुझे बहुत दुखा होता है कि डीएमके के लोगों के लिए यह आम बात होने के बावजूद इन लोगों को ऐसा करने की इजाजत कैसे दी जाती है. मुझे नहीं लगता है कि मारन में थोड़ी भी जिम्मेदारी है.
उधर, बीजेपी नेका अनिला सिंह ने कहा कि मारन की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि वे भूल गए कि वे भारत में रहते हैं और भारत शक्ति की पूजा करता है. डीएमके पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि अगर वे सोचते हैं कि शक्ति को उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम में बांटा जा सकता है, तो वे हमारी संस्कृति को नहीं पहचान सके हैं.
यह भी पढ़ें: ‘तो सत्ता से बाहर न होती कांग्रेस…’, मदनी ने बोला तीखा हमला, क्यों कहा- तबाही के कगार पर पहुंच गया है देश?
