
Rajpal Yadav: बॉलीवुड इंडस्ट्री के फेमस कॉमेडियन एक्टर राजपाल यादव 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में जेल में 12 दिन बंद थे. उन्हें अंतरिम बेल पर जमानत मिली है. जेल से बाहर आने के बाद एक्टर उनकी मदद में आगे आए लोगों का धन्यवाद कर रहे हैं. अपने इंस्टाग्राम पर एक्टर ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लोगों का शुक्रिया किया. इसी बीच एक्टर ने जेल में बिताए 12 दिनों के बारे में खुलकर बात भी की. एक्टर ने बताया कि अगर वो इस मामले में दोषी हैं तो वो फिर जेल जाने के लिए बिल्कुल तैयार हैं.
जेल में बिताए दिनों पर एक्टर ने की बात
हाल ही में राजपाल यादव ने ई-टाइम्स से बात करते हुए जेल में बिताए 12 दिनों के बारे में कहा कि उन्होंने वही खाना खाया जो बाकी कैदियों को परोसा जाता था. अपना बचाव करते हुए एक्टर ने कहा कि अगर वह धोखेबाज है तो पिछले दस सालों से उन्हें इंडस्ट्री में काम नहीं मिलता.
चेक बाउंस मामले पर नहीं की बात
हालांकि एक्टर राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में ज्यादा कुछ कहने से परहेज किया. एक्टर ने इस पर बात करने से ये बोलकर टाल दिया कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है. अगर वो इस मामले में बात करते हैं और कुछ भी गलत बोल देते है तो उन्हें कानूनी रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
‘एक-एक दिन कर रहे जीने की कोशिश’
वहीं राजपाल यादव ने बात करते हुए बताया कि वे एक-एक दिन जीने की कोशिश कर रहे हैं और हर दिन नई शुरुआत कर रहे हैं. जेल में बिताए दिनों के बारे में बात करते हुए राजपाल यादव ने बताया कि उन्होंने हर कैदी की तरह ही जेल के नियमों का पालन किया और आगे भी अदालत के नियमों का पालन करते रहेंगे. अगर अदालत को लगता है कि मैं गलत हूं तो मुझे वापस जेल भेज दें, मैं इसका पूरा सम्मान करूंगा.
‘मुझे सहानुभूति नहीं चाहिए’
राजपाल यादव ने इंडस्ट्री से काम मिलने के बावजूद उन्हें ‘धोखेबाज’ करार दिए जाने पर भी बात की. एक्टर ने कहा कि ‘मुझे साल में कम से कम 10 फिल्में मिली हैं. अगर मैं धोखेबाज होता तो कोई मेरे साथ काम क्यों करता? इंडस्ट्री को यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि वह उनके साथ है, क्योंकि उसने सालों से उनका समर्थन दिखाया है.’ एक्टर ने आगे कहा कि ‘मुझे विश्वास है कि हर कोई मेरे साथ है.’ वहीं एक्टर को मिली मदद का वे सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें सहानुभूति नहीं चाहिए. राजपाल यादव ने इंडस्ट्री से मिली पैसों की मदद का खुलासा करने से भी इनकार कर दिया.

