News in Brief

BMC Elections: महाराष्ट्र में आगामी बीएमसी चुनावों के लिए शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सीट बंटवारे की वार्ता में एक बड़ा अवरोध आ गया है. सूत्रों के अनुसार, दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच हुई एक बैठक के दौरान शिंदे सेना ने 2017 के बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों के परिणामों का हवाला देते हुए उन सभी 84 सीटों की मांग की जो उस समय अविभाजित शिवसेना ने जीती थीं. जानकारी के अनुसार, शिंदे सेना की इस मांग को भाजपा ने सिरे से खारिज कर दिया है.

भाजपा ने तर्क दिया कि 2017 की राजनीतिक परिस्थितियों और वर्तमान स्थिति में काफी अंतर है. भाजपा ने कहा कि शिंदे सेना और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच सीधा मुकाबला महायुति गठबंधन को नुकसान पहुंचा सकता है. भाजपा ने कहा कि शिंदे सेना को केवल वही सीटें आवंटित की जाएंगी जहां उसकी सबसे मजबूत उपस्थिति है और सीट-बंटवारा जीत की संभावना के फार्मूले के आधार पर तय किया जाएगा.

15 जनवरी होंगे BMC चुनाव

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें, बीएमसी की कुल 227 सीटों में से 77 सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच विवाद है. उम्मीद है कि अगले दो दिनों में दोनों पक्षों के वरिष्ठ नेता इस गतिरोध को सुलझाने के प्रयास करेंगे. बता दें, महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने 15 दिसंबर को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) सहित महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया था. चुनाव आयोग ने बताया था कि चुनाव 15 जनवरी, 2026 को एक ही चरण में होंगे और परिणाम 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: BMC Election 2026: ठाकरे भाइयों ने सीट बंटवारे पर की बात, शिवसेना को 125 तो MNS को 90 सीटें मिलने की संभावना

इस बीच, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित सतम ने बीएमसी चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन हेतु 20 सदस्यीय समिति का गठन किया है. समिति के अध्यक्ष अमित सतम के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, राज्य विधानसभा अध्यक्ष राहुल नरवेकर, कई राज्य मंत्रिमंडल मंत्रियों और विधायकों को समिति के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है.