News in Brief

गांधीनगर: भारतीय संस्कृति के गौरव और आस्था के प्रतीक भगवान शंकर के 12 ज्योतिर्लिंगों में पहले ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव के सान्निध्य में 8 से 11 जनवरी तक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भव्य उत्सव मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए सोमनाथ की पावन धरती पर पहुंच रहे हैं. इस बीच पोरबंदर के जाने-माने इतिहासकार नरोतमभाई पलाण ने इतिहास के पन्नों को खोलकर पोरबंदर के अप्रतिम योगदान के संस्मरणों को याद किया है.

1000 साल पुरानी अनसुनी कहानी

नरोतमभाई ने इतिहास के पन्नों को टटोलते हुए बताया कि करीब एक हजार साल पहले 1026 में विदेशी आक्रमणकारी महमूद गजनवी ने भगवान सोमनाथ के मंदिर पर हमला किया था. इस घटना को जनवरी, 2026 में ठीक 1000 वर्ष पूरे हो गए. इतिहासकारों के अनुसार मंदिर पर हमले की तारीख 6 जनवरी, 1026 थी. सोमनाथ का पहला मंदिर करीब 2000 साल पुराना है. शुरुआत के 1000 सालों तक यह मंदिर अत्यंत समृद्ध और अटूट रहा, जिसकी ख्याति सुनकर गजनवी ने उस पर हमला किया था. भगवान सोमनाथ प्रजा के स्वाभिमान का प्रतीक है. इसलिए जब-जब इस मंदिर को तोड़ा गया, तब-तब प्रजा और राजाओं ने मिलकर उसे फिर से खड़ा किया. मंदिर का मौजूदा स्वरूप आठवीं बार का पुनर्निर्माण है.

Add Zee News as a Preferred Source

नवनिर्माण के लिए पहला योगदान

नरोतमभाई ने बताया कि सोमनाथ मंदिर के नवनिर्माण के लिए पहला योगदान पोरबंदर ने दिया था. पोरबंदर के विख्यात शेठ नानजी कालिदास मेहता ने उस जमाने में मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख रुपए का पहला दान देते हुए भरोसा दिलाया था कि जरूरत पड़ने पर वो और भी दान देंगे.

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सनातन धर्म की दृढ़ता और विजय का जयघोष है. पोरबंदर सदैव इस पवित्र कार्य में आगे रहा है, जो हरेक पोरबंदरवासी के लिए गौरव की बात है. सौराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री उछरंगराय ढेबर ने मंदिर के निर्माण के लिए दान एकत्र करने की अपील की थी. 

पीएम मोदी का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी तीन दिन के गुजरात दौरे पर 10 जनवरी को गुजरात पहुंचेंगे. गुजरात में 11 जनवरी को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में हिस्सा लेंगे. पीएम मोदी ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. पीएम नरेंद्र मोदी ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत ‘शौर्य यात्रा’ का नेतृत्व करेंगे. यह एक किलोमीटर लंबी यात्रा होगी जिसमें 108 घोड़े शामिल होंगे. सोमनाथ पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मंदिर परिसर में ड्रोन शो में भाग लेंगे. साथ ही श्री सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में उसकी बैठक की अध्यक्षता करेंगे.

पीएम मोदी 12 जनवरी तक गुजरात में रहेंगे. अहमदाबाद में पीएम मोदी अंतराष्ट्रीय पंतग महोत्सव का भी शुभारंभ करेंगे. गांधीनगर में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ प्रधानमंत्री द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे और राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे.