
Uddhav Thackeray-Raj Thackeray on Maharashtra Politics: कई सालों तक एक दूसरे के खिलाफ तलवार भांजने के बाद अब ठाकरे बंधु महाराष्ट्र की राजनीति में एक साथ आ गए हैं. उद्धव और राज ठाकरे अब अपनी खोई जमीन हासिल करने के लिए एक साथ बीजेपी की फडणवीस सरकार पर निशाने साध रहे हैं. साथ ही उत्तर भारत के लोगों को धमकाने में भी जुटे हैं.
‘हिंदी थोंपने की कोशिश की तो…’
एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने कहा, ‘यूपी और बिहार के लोगों को समझना चाहिए कि हिंदी आपकी भाषा नहीं है. मुझे इस भाषा से नफरत नहीं है. लेकिन अगर आप इसे थोपने की कोशिश करेंगे, तो मैं आपको सबक सिखाऊंगा और लात मारूंगा. महाराष्ट्र के लोगों को डराते हुए राज ठाकरे ने कहा, महाराष्ट्र में हर तरफ से लोग आ रहे हैं और आपका हिस्सा छीन रहे हैं. अगर जमीन और भाषा दोनों चली गईं, तो आपका सफाया हो जाएगा.’
मनसे सुप्रीमो ने कहा, ‘आज यह संकट आपके दरवाजे पर आ गया है. यह मराठी भाषी लोगों का आखिरी चुनाव है. अगर आज आप यह मौका चूक गए, तो आपका सफाया हो जाएगा. मराठी और महाराष्ट्र के लिए एकजुट हो जाइए. मुंबई इतने सारे लोगों के बलिदानों से हासिल हुई है. हम उन्हें क्या कहेंगे?. सुबह 6 बजे नियुक्त किए गए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) चुनाव के दिन तैयार रहें. सतर्क रहें, सावधान रहें, लापरवाही न करें. अगर कोई दोबारा वोट डालने आए, तो उसे बाहर निकाल दें.’
