)
Hindi Cinema Veteran Actor Piyush Mishra: इंडस्ट्री की चमक-दमक भरी दुनिया बाहर से जितनी रंगीन दिखती है, अंदर से उतनी ही मुश्किल भी होती है. शोहरत, पैसे और तालियों के पीछे कई कलाकार अपनी पर्सनल लाइफ में कुछ लड़ाइयां चुपचाप लड़ते रहते हैं. शराब की लत ऐसी ही एक सच्चाई है, जिसने कई एक्टर्स, सिंगर्स, राइटर्स और फिल्ममेकर्स की जिंदगी को बर्बाद किया है. इसी कड़ी में अब मशहूर सिंगर, एक्टर और राइटर पीयूष मिश्रा ने अपनी जिंदगी के सबसे दर्दनाक दौर के बारे में खुलकर बात की है.
उन्होंने बताया कि शराब की आदत ने उनकी जिंदगी और करियर दोनों को गहरी चोट पहुंचाई. पीयूष मिश्रा 80 के दशक से लेकर 2 दशक तक शराब की लत से जूझते रहे. उन्होंने माना कि साल 2005 के आसपास उनकी जिंदगी एक मोड़ पर आकर खड़ी हो गई थी. तभी उन्होंने खुद को संभालने और मदद लेने का फैसला किया. हालिया इंटरव्यू में जब उनसे उनकी जिंदगी के सबसे बड़े अफसोस के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बिना सोचे कहा कि शराब ही उनकी सबसे बड़ी गलती रही है, जिसका आज भी उनको दुख है.
शराब की लत ने बर्बाद कर दिए कई साल
उनके मुताबिक, अगर उन्होंने शुरुआत में ही इस पर कंट्रोल कर लिया होता, तो जिंदगी कुछ और ही होती. पीयूष मिश्रा ने कहा, ‘मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा पछतावा शराब को लेकर है. अगर मैंने शुरुआती दौर में ही इस पर काबू पा लिया होता, तो मैं जिंदगी में बहुत आगे जा सकता था. शराब ने मेरी क्रिएटिविटी को धीरे-धीरे खत्म कर दिया’. उन्होंने माना कि नशे की हालत इंसान की सोच और कल्पना शक्ति को कमजोर बना देती है. एक कलाकार के लिए ये सबसे खतरनाक चीज होती है, क्योंकि उसकी असली ताकत उसकी सोच होती है.
47 साल पुराना वो गाना, जिसने खड़ा कर दिया विवादों का पहाड़, भगवान के नाम पर परोसी गई अश्लीलता, फिर भी सालों तक बना रहा चार्टबस्टर
अगर टाइम पर छोड़ देते तो बन जाती जिंदगी
अपने करियर पर बात करते हुए पीयूष मिश्रा ने कहा कि अगर वे वक्त रहते शराब छोड़ देते, तो शायद उनका प्रोफेशनल सफर बिल्कुल अलग होता. उन्होंने कहा, ‘शुरू में ही अगर छोड़ देता या कंट्रोल कर लेता, तो आज हालात कुछ और होते. शायद मैं और बड़ा और बेहतर काम कर पाता’. उनका मानना है कि शराब ने न सिर्फ उनके काम की रफ्तार धीमी की, बल्कि उनके कॉन्फिडेंस और फैसलों पर भी असर डाला. ये एहसास उन्हें आज भी अंदर से परेशान करता है. पीयूष ने अपनी जिंदगी के एक्सपीरियंस को अपनी किताब में उतारा है.
अपनी किताब में बयां किया दर्द
उनकी किताब का नाम है ‘तुम्हारी औकात क्या है, पीयूष मिश्रा’, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के बारे में खुलकर लिखा है. ये किताब हाल ही में हार्पर कॉलिन्स इंडिया के जरिए अंग्रेजी में रिलीज हुई है. इस किताब में उन्होंने अपने बचपन के दर्द, रिश्तों, संघर्ष और शराब की लत के बारे में ईमानदारी से लिखा है. पीयूष का कहना है कि वे कुछ भी छुपाना नहीं चाहते थे, लेकिन उन्होंने कोशिश की कि बातें अश्लील न हों और सच्चाई के साथ सामने आएं. पीयूष मिश्रा ने बताया, ‘मैंने अपनी जिंदगी के हर पहलू को पूरी ईमानदारी से लिखा है’.
रणबीर कपूर को बताया था ‘बेशर्म आदमी’
साथ ही उन्होंने बताया, ‘जिन महिलाओं का जिक्र है, उनके नाम बदल दिए हैं, लेकिन घटनाएं वही हैं’. उन्होंने कहा कि किताब पढ़ने के बाद कई महिलाओं ने उन्हें फोन कर उनके लेखन की तारीफ की. ‘दिल से..’, ‘मकबूल’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘तमाशा’ और ‘इंडियन 2’ जैसी फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाने वाले पीयूष मिश्रा हाल ही में ‘क्रेजी’ (2025) में नजर आए. अब वे म्यूजिकल टूर के साथ-साथ अपने अगले उपन्यास ‘सिरफिरा’ की तैयारी कर रहे हैं. बता दें, उन्होंने एक इंटरव्यू में रणबीर कपूर को कहा था, ‘इतना नंगा, बेशर्म आदमी मैंने आज तक नहीं देखा!’.
