IIT Guwahati Research: पूर्वी हिमालय में तेजी से पिघलते ग्लेशियर आने वाले समय में बड़ा खतरा बन सकते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए IIT गुवाहाटी के रिसर्चरों ने एक खास मॉडल तैयार किया है. इससे यह पता लगाया जा सकता है कि किन जगहों पर नई ग्लेशियल झीलें बन सकती हैं. इस रिसर्च में हाई-रिजॉल्यूशन गूगल अर्थ इमेज और जमीन की ऊंचाई से जुड़े डेटा का इस्तेमाल किया गया है. बता दें कि रिसर्च के दौरान वैज्ञानिकों ने पाया कि पूर्वी हिमालय में कुल 492 ऐसे स्थान हैं जहां आगे चलकर ग्लेशियल झील बनने का खतरा है. इन इलाकों पर अगर समय रहते नजर रखी जाए तो बड़े हादसों से बचा जा सकता है. झील फटने से आने वाली बाढ़ को रोका या उसका असर कम किया जा सकता है.
ग्लेशियर पिघलने से बढ़ रहा खतरा
जैसे-जैसे ग्लेशियर पीछे हट रहे हैं उनके आसपास पानी जमा होने लगता है. धीरे-धीरे झील बन जाती है. अगर यह झील अचानक टूट जाए तो नीचे बसे गांवों, सड़कों, बिजली परियोजनाओं और दूसरी संरचनाओं को भारी नुकसान हो सकता है. वैज्ञानिक ऐसे इलाकों की पहले से पहचान करना चाहते हैं जहां खतरा ज्यादा है.
तकनीक से हुई पहचान
आईआईटी गुवाहाटी की टीम ने तीन तरह के तरीकों को आजमाया है, इनमें लॉजिस्टिक रिग्रेशन, आर्टिफिशियल न्यूरल नेटवर्क और बेयेसियन न्यूरल नेटवर्क शामिल थे. इन तीनों में से बेयेसियन न्यूरल नेटवर्क सबसे ज्यादा सटीक साबित हुआ. इस तरीके से यह भी समझ आया कि पास में मौजूद झीलें, हल्की ढलान वाली जमीन, कटोरे जैसी घाटियां और पीछे हटते ग्लेशियर ग्लेशियल झील बनने के बड़े संकेत होते हैं.
क्या बोले रिसर्चर
आईआईटी गुवाहाटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अजय डाशोरा ने कहा कि यह तरीका खतरे वाले इलाकों की पहचान करने में मदद करेगा. इससे पहले से चेतावनी देने वाले सिस्टम बनाए जा सकते हैं. सड़क, हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट और बस्तियों के लिए सुरक्षित जगह चुनी जा सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि यह मॉडल पानी के भविष्य के हालात को समझने में भी काम आएगा. डाशोरा ने आगे बताया कि यह तरीका सिर्फ हिमालय तक सीमित नहीं है. इसे दुनिया के दूसरे ग्लेशियर वाले पहाड़ी इलाकों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे जलवायु बदलाव के दौर में बेहतर योजना बनाई जा सके.
रिसर्च से क्या नया सामने आया
यह रिसर्च नेचर की साइंटिफिक रिपोर्ट्स जर्नल में छपी है. इसमें साफ हुआ है कि जमीन की बनावट और ढांचा ग्लेशियल झील बनने में बड़ी भूमिका निभाता है. पहले की कई स्टडी में इस पहलू को उतना ध्यान नहीं दिया गया था लेकिन अब नजर आया है.
बता दें, अब रिसर्च टीम इस मॉडल को और बेहतर बनाने पर काम कर रही है. इसमें ग्लेशियर के मलबे के इतिहास को जोड़ने, डेटा को अपने आप तैयार करने और जमीन पर जाकर जांच करने की योजना है. इससे मॉडल और ज्यादा सटीक हो पाएगा और बड़े इलाकों में ग्लेशियर से जुड़े खतरों पर नजर रखना आसान हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, CRPF के जवान समेत 4 की मौत, कई घायल
