
IMD Weather Alert 16 January 2026: दिल्ली एनसीआर में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने लोगों के छक्के छुड़ा रखे हैं. कई इलाकों में तो ठंड इतनी ज्यादा है कि शिमला-मसूरी जैसे पहाड़ी इलाके भी पीछे छूटते नजर आ रहे हैं. दिन में हालांकि धूप निकल रही है. इसके बावजूद गलन वाली ठंड इतनी ज्यादा है कि लोगों के हाथ-पैर ठिठुर रहे हैं. अब हम आपको 16 जनवरी का मौसम अपडेट विस्तार से बताने जा रहे हैं. जिससे जानकर आप शुक्रवार का अपना प्लान बना सकते हैं.
शुक्रवार को भी सर्द बना रहेगा मौसम
आईएमडी और स्काईमेट के अनुसार, 16 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर और देशभर में मौसम का हाल काफी ठंडा और कोहरे भरा हो सकता है. खासकर देश की राजधानी में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का दौर जारी रहेगा. हालांकि 16 जनवरी से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे मामूली बढ़ोतरी दिखाई दे सकती है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. जबकि अधिकतम तापमान 22-24 डिग्री तक पहुंच सकता है.
मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इससे विजिबिलिटी कम हो सकती है. जिसका सीधा असर उड़ानों और सड़क यातायात पर पड़ सकता है. इस दौरान शुक्रवार को एक पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रमें प्रवेश करने जा रहा है. हालांकि मैदानी इलाकों पर इसका तुरंत असर नहीं पड़ेगा लेकिन बाद में तापमान में बदलाव ला सकता है.
ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के बन रहे आसार
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी 16 जनवरी को घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी. कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 4-8 डिग्री के बीच रह सकता है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बर्फबारी या बारिश के आसार हैं. इसके चलते मैदानी क्षेत्रों में ठंड ज्यादा बढ़ सकती है. अगले 2-3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में कोहरा और शीतलहर का असर जारी रहेगा.
पूर्वी और मध्य भारत की बात करें तो मौसम अपेक्षाकृत स्थिर लेकिन ठंडा रहेगा. बिहार, झारखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिलेगा. वहीं तापमान दिन में 20-25 डिग्री और रात में 8-12 डिग्री के आसपास रह सकता है. बड़ी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन ठंड का एहसास बना रहेगा.
इन राज्यों में 23 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
दक्षिण भारत में इस शुक्रवार को मौसम सुखद और गर्म रहेगा. चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में मौसम साफ और आकर्षक रहेगा. अधिकतम तापमान 27-30 डिग्री और न्यूनतम 16-23 डिग्री के बीच रह सकता है. बेंगलुरु में दिन में सनी मौसम के साथ हल्की ठंडक महसूस होगी. जबकि चेन्नई में गर्मी का एहसास रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही है.
पश्चिमी तट पर मुंबई और आसपास का मौसम सुहावना रहेगा. मुंबई में 16 जनवरी को साफ आसमान के साथ अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 21-22 डिग्री रहने की उम्मीद है. हल्की नमी रहेगी, लेकिन सर्दी ज्यादा नहीं लगेगी. गोवा और पुणे जैसे क्षेत्रों में भी मौसम आनंददायक रहेगा, जो सर्दियों में यात्रा के लिए बेहतरीन है.
