)
Mastiii 4 OTT Streaming: साल 2025 में कई ऐसी हिंदी फिल्में आईं जो सिनेमाघरों में दर्शकों को अपनी ओर खींच नहीं पाईं और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गईं. थिएटर में टिकट खरीदकर फिल्म देखने का रिस्क लेने से लोग बचते दिखे, जिस वजह से ये फिल्में जल्दी उतर गईं. लेकिन जब यही फिल्में OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुईं, तो कहानी बदल गई. घर बैठे बिना किसी दबाव के कंटेंट देखने वाले दर्शकों ने इन्हें दोबारा मौका दिया और कई फिल्में फिर से चर्चा में आ गईं.
OTT प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का देखने का तरीका थिएटर से बिल्कुल अलग होता है. यहां लोग स्टार, जॉनर, फ्रेंचाइजी या सिर्फ टाइम पास के लिए भी फिल्म चला देते हैं. साल 2025 में कई कॉमेडी और मसाला फिल्में सिनेमाघरों में नहीं चलीं, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आते ही ट्रेंड करने लगीं. खासकर यंग दर्शकों और फ्रेंचाइजी के फैंस ने इन्हें पसंद किया. इसी लिस्ट में एक नाम पिछले साल ही रिलीज हुई ‘मस्ती 4’, का भी रहा, लेकिन अब ये OTT पर दस्तक देने जा रही है.
2025 की सबसे बड़ी डिजास्टर
‘मस्ती 4’ को साल 2025 में 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था. इस फिल्म का डायरेक्शन मिलाप जावेरी ने किया था, जो पहले भी बोल्ड और कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते रहे हैं. फिल्म में ‘मस्ती’ फ्रेंचाइजी के पुराने और जाने-पहचाने चेहरे रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और आफताब शिवदासानी एक बार फिर साथ नजर आए. इनके अलावा अरशद वारसी, नरगिस फाखरी, एलनाज नोरौजी, जेनेलिया देशमुख और तुषार कपूर भी अहम रोल में दिखे.
5 घंटे 21 मिनट की सबसे विवादित फिल्म, जिसका विदेशों में बजा डांका, स्टारकास्ट के दीवाने हो गए थे लोग, 11 साल से OTT पर कर रही ट्रेंड
तीन शादीशुदा दोस्तों की कहानी
फिल्म की कहानी तीन शादीशुदा दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी नीरस और तनाव भरी जिंदगी से परेशान रहते हैं. मस्ती और रोमांच की तलाश में ये दोस्त एक बार फिर गलत रास्ते पर निकल पड़ते हैं. झूठ, गलतफहमियां और अजीब हालात उन्हें एक के बाद एक मुश्किल में फंसा देते हैं. कहानी में पुराने ‘मस्ती’ फॉर्मूले को ही दोहराया गया है, लेकिन समय बदलने के साथ वही पुराने जोक्स और अंदाज दर्शकों को ज्यादा हंसा नहीं पाए और फिल्म फ्लॉप हो गई.
50 करोड़ के बजट में कमाए सिर्फ 15 करोड़
‘मस्ती 4’ का बजट करीब 50 करोड़ रुपये बताया गया था. हालांकि, फिल्म की ओपनिंग कमजोर रही और वर्ड-ऑफ-माउथ भी फिल्म के पक्ष में नहीं गया. भारत में इसका लाइफटाइम नेट कलेक्शन करीब 14 से 15 करोड़ रुपये ही रहा, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस लगभग 19 करोड़ तक सिमट गया. कमजोर स्क्रिप्ट, पुराने कंटेंट और दर्शकों से जुड़ाव न बन पाने की वजह से ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई, जो अपने बजट का आधा भी वसूल नहीं कर पाई.
57 दिन बाद OTT पर दे रही दस्तक
फिल्म को रिलीज के बाद दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली. IMDb पर ‘मस्ती 4’ की रेटिंग करीब 4.2/10 के आसपास रही, जो फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों से काफी कम मानी गई. थिएटर में फ्लॉप होने के बाद 57 दिन बाद अब ये फिल्म 16 जनवरी 2026 को अटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर स्ट्रीम हो चुकी है. OTT पर आते ही फ्रेंचाइजी के फैंस और कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों ने इसे दोबारा देखने का मौका दिया और फिल्म एक बार फिर चर्चा में आ गई.
