News in Brief

पद्म पुरस्कारों की अनाउंसमेंट होते ही कलाकारों को चाहने वाले करोड़ों लोगों के दिलों में खुशी की लहर देखने को मिली. अवॉर्ड लिस्ट में दिग्गज कलाकार धर्मेंद्र, आर माधवन और ममूटी के साथ-साथ कई ऐसे कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा, उन्होंने सालों से सिनेमा में अपना योगदान दे रहे हैं. वहीं इस लिस्ट में बंगाली एक्टर प्रसेनजीत चटर्जी का नाम भी शामिल है. इस अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने की खबर को सुनते ही उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मैं भारत सरकार का तहे-दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे इस पुरस्कार के लिए चुना है.

मां को समर्पित किया पुरस्कार
प्रसेनजीत चटर्जी ने अपनी खुशी को जाहिर करते हुए कहा, ‘मैं सबसे पहले ये सम्मान अपनी मां को समर्पित करता हूं, जिन्होंने मुझे पालने-पोसने के लिए अपने जीवन में बहुत बलिदान दिए और मेरे चार दशकों के सफर का मार्गदर्शन किया. मैं यह सम्मान अपने परिवार के साथ भी साझा करता हूं, जिसमें मेरा बेटा मिशुक भी शामिल है.’

दर्शकों का किया आभार
प्रसेनजीत चटर्जी ने एक इंटरव्यू में आगे बातचीत में कहा कि ‘मैं पिछले 40 सालों से कला के क्षेत्र में काम कर रहा हूं. ये सम्मान मेरे उन सभी साथियों को समर्पित है जो मेरे साथ काम करते हैं और उन दर्शकों को जो मुझे इतना प्यार देते हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे इस खबर की बिल्कुल जानकारी नहीं थी. मैं अपने एक नए सिनेमा की रिलीज के सिलसिले में कहीं गया हुआ था, जो कि अच्छा प्रदर्शन कर रही है. वहां मुझे पता चला कि देश का इतना बड़ा सम्मान मुझे मिलने वाला है. मैं एक बार फिर तहे दिल से भारत सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं. ये मेरे लिए और मेरी बंगाली इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी बात है. सबसे बड़ी बात यह है कि राष्ट्रपति के हाथों से मुझे पद्मश्री अवॉर्ड मिलने वाला है.’

Add Zee News as a Preferred Source

बंगाल सिनेमा भी देश का हिस्सा
प्रसेनजीत चटर्जी ने बंगाली सिनेमा के बारे में बात की. उन्होंने कहा कि बंगाली फिल्म को लेकर मन में लोगों को यह संदेश जाता है कि बंगाली फिल्म अलग होती होगी, लेकिन ऐसा नहीं है। सभी क्षेत्रों में अलग-अलग फिल्म करने का तरीका होता है, लेकिन आखिर में हम सभी तो भारतीय सिनेमा ही हैं. उन्होंने आगे कहा कि जब भी आप विश्व सिनेमा की बात करते हैं तो आपको बंगाली फिल्मों का जिक्र जरूर मिलेगा. आप बंगाली फिल्मों को दरकिनार नहीं कर सकते हैं. बंगाली फिल्में बननी चाहिए और जो फिल्म का कल्चर है वो भी बरकरार रखना है.