News in Brief

UAE President India Visit: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान कुछ घंटों के दौरे पर सोमवार को भारत पहुंचने वाले हैं. विदेश मंत्रालय की तरफ से साझा जानकारी के मुताबिक शेख मोहम्मद मात्र डेढ़ घंटे के दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं. इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. यह बेहद काफी हैरान करने वाली बात है कि शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सिर्फ डेढ़ घंटे के लिए भारत आ रहे हैं. चलिए जानते हैं कि इसके पीछे क्या वजह हो सकती है.

पीएम मोदी के बुलावे पर भारत आ रहे हैं नाहयान
विदेश मंत्रालय ने बताया कि UAE के राष्ट्रपति सोमवार (19 जनवरी) को शाम चार बजकर 20 मिनट पर दिल्ली पहुंचेंगे. चार बजकर 45 मिनट पर वह पीएम मोदी के साथ मीटिंग करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत के बाद वह छह बजकर पांच मिनट पर यहां से रवाना हो जाएंगे. विदेश मंत्रालय के मुताबिक पीएम मोदी के निमंत्रण पर यूएई के राष्ट्रपति भारत पहुंच रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 32 साल, तीन पीढ़ियां और एक पेड़: राजघाट पर UAE के शाही खानदान की तीन नस्लों ने पौधे लगाकर क्या संदेश दिया?

Add Zee News as a Preferred Source

वैश्विक उथल-पुथल के बीच बेहद अहम दौरा
शेख मोहम्मद नाहयान का कुछ घंटों का ये दौरा दोनों देशों के व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है. उनका ये दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब वैश्विक राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है. एक तरफ वेनेजुएला और ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका की चीन और रूस के साथ तनी हुई है, तो वहीं ईरान में हालात बेहद खराब चल रहे हैं. इसके अलावा यूएई और सऊदी अरब के बीच भी तनाव है. इन सबके बीच भारत और यूएई के नेताओं की मुलाकात पर सबकी नजर होगी.

राष्ट्रपति के तौर पर तीसरा भारत दौरा
शेख मोहम्मद नाहयान बतौर राष्ट्रपति तीसरी बार भारत दौरे पर पहुंच रहे हैं. वहीं बीते 10 सालों में उनकी यह पांचवीं भारत यात्रा है. मंत्रालय के मुताबिक दोनों देशों के बीच व्यापार वित्त वर्ष 24-25 में 100.06 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है, जो कि 19.6 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी को दर्शाता है. इसी के साथ यह उपलब्धि भारत के लिए यूएई को उसके खास व्यापार साझेदारों में से एक बनाती है.

PM मोदी को सर्वोच्च सम्मान दे चुका है UAE
बीते कुछ वर्षों में भारत और यूएई के बीच का संबंध और भी प्रगाढ़ हुआ है. दोनों देशों ने अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापारिक संबंधों को और मजबूत किया है. पीएम मोदी को यूएई ने 2019 में यूएई के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ जायद से सम्मानित किया जा चुका है.

(इनपुट-IANS)