Cold wave in north india: उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है. राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है. सुबह के समय विजिबिलिटी कई जगहों पर 5 मीटर तक रह गई है. इसका असर ट्रेनों और फ्लाइट्स पर भी पड़ा है और कई सेवाएं देरी से चल रही हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले सप्ताह तक शीतलहर की संभावना नहीं है, लेकिन कोहरे का असर बना रह सकता है.
उत्तर भारत में कोहरे का कहर
सर्द का कहर 18 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके बाद 19 और 21 जनवरी को दो अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बदल सकते हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इससे सड़क और हवाई यात्रा में परेशानी हो सकती है.
दिल्ली में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली है. पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को आंशिक बादल रह सकते हैं और कुछ इलाकों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है. अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. इससे दिन के समय ठंड में थोड़ा कम महसूस होगा, लेकिन सुबह और रात में ठिठुरन बनी रहेगी.
प्रदूषण नहीं हो रहा है कम
दिल्ली में प्रदूषण के हालात गंभीर बने हुए हैं. राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है. सुबह 6 बजे की IMD रिपोर्ट के मुताबिक, आनंद विहार में AQI 489, अशोक विहार में 459, बवाना में 461, बुराड़ी में 450 और चांदनी चौक में 463 रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, आज और अगले कुछ दिनों में दिल्ली में बारिश की संभावना है. अगर बारिश होती है, तो वायु में मौजूद धूल और प्रदूषक कम हो सकते हैं और इससे राजधानी में प्रदूषण के लेवल में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण ठंड और बढ़ गई है. दिन में तेज धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन शाम होते ही ठिठुरन तेज हो जाती है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक शीतलहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई है. नोएडा में अत्यधिक ठंड को देखते हुए आठवीं कक्षा तक के स्कूल 19 जनवरी तक बंद रखे गए हैं.
उत्तराखंड और हिमाचल में हल्की बर्फबारी और बारिश के आसार हैं. दोनों राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है. वहीं जम्मू-कश्मीर में ठंड का सितम बढ़ गया है. पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के बराबर है. घाटी के ऊपरी इलाकों में आने वाले कुछ दिनों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें: क्या है मुस्लिम ब्रदरहुड? अमेरिका ने घोषित किया आतंकवादी संगठन; UAE खुश, तुर्की के लिए बड़ा झटका
