
हिंदी सिनेमा के जाने माने एक्टर राकेश बेदी इन दिनों अपनी फिल्म फिल्म ‘धुरंधर’ में एक सीन को लेकर ट्रोल हो रहे हैं. दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. दरअसल, फिल्म में एक किसिंग सीन को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर निशाने पर लिया. दरअसल , ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान राकेश बेदी द्वारा अपनी ऑन-स्क्रीन बेटी का रोल निभा रहीं सारा अर्जुन को गले लगाने का एक वीडियो सामने आया था. लोगों ने दावा किया कि दिग्गज एक्टर ने सारा को कंधे पर किस किया था. ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद उन्हें काफी ट्रोलिंग और आलोचना का सामना करना पड़ा.
विवाद के बाद राकेश बेदी ने दी सफाई
सारा अर्जुन और राकेश बेदी के बीच 51 साल फर्क है. जहां राकेश बेदी 71 साल के हैं, वहीं सारा अभी सिर्फ 20 साल की हुई हैं. वीडियो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने राकेश बेदी के व्यवहार पर सवाल उठाए और इसे गलत करार दिया. इस पूरे विवाद पर अब अभिनेता ने चुप्पी तोड़ते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है. हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में राकेश बेदी ने कहा कि इस मामले को बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और लोगों ने इसमें गलत अर्थ निकाल लिए हैं.
राकेश बेदी ने कहा, ‘सारा मेरी उम्र की आधी भी नहीं है और फिल्म में मेरी बेटी का किरदार निभा रही हैं. शूटिंग के दौरान हमारा रिश्ता बिल्कुल पिता-बेटी जैसा रहा है. जब भी हम सेट पर मिलते थे, वह मुझे गले लगाती थी, ठीक वैसे ही जैसे एक बेटी अपने पिता को लगाती है. हमारे बीच बहुत ही सहज और सम्मानजनक रिश्ता है, जो फिल्म में भी साफ नजर आता है.’ उन्होंने आगे कहा कि ट्रेलर लॉन्च के दिन भी वही अपनापन था, लेकिन लोगों ने उसमें स्नेह नहीं देखा. राकेश बोले, ‘लोग एक बुजुर्ग आदमी के एक युवा लड़की के लिए स्नेह को गलत नजर से देख रहे हैं. अगर देखने वाले की आंख में ही खोट है तो इसमें हम क्या कर सकते हैं? मैं स्टेज पर, उसके माता-पिता के सामने, किसी गलत इरादे से ऐसा क्यों करूंगा? लोग सोशल मीडिया पर बेवजह मुद्दे बनाते हैं और बातें फैलाते हैं.’
वायरल वीडियो के बाद क्या बोले राकेश बेदी
राकेश बेदी ने यह भी साफ किया कि वह खुद को बचाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘मेरा करियर दशकों पुराना है और मेरा काम खुद मेरे लिए बोलता है. मैंने इतने सालों में लोगों के दिलों को छुआ है. हाल ही में मैं दोस्तों के साथ डिनर पर गया था, वहां एक महिला मुझसे मिली. उनके बेटे को शारीरिक और मानसिक समस्याएं हैं, लेकिन वह मेरा काम बहुत पसंद करता है और उसे समझता भी है. यह मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है.’
