News in Brief

No confidence motion om birla: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने रविवार को कहा कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 9 मार्च को चर्चा और वोटिंग होगी. यह बजट सत्र के दूसरे चरण का पहला दिन होगा. रिजिजू ने कहा कि यह सत्र काफी अहम रहने वाला है. इसमें कई जरूरी विधेयक पेश किए जाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि सदन में बहस के बाद सीधे वोटिंग कराई जाएगी.

बहस में विपक्ष नहीं लेगा हिस्सा, तो उनका नुकसान
रिजिजू ने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वे पहले की तरह हंगामा करते रहे, तो सरकार गिलोटिन प्रक्रिया का सहारा ले सकती है. इसका मतलब होता है कि बिना लंबी बहस के ही जरूरी वित्तीय काम निपटा दिए जाते हैं. उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष बहस में हिस्सा नहीं लेगा, तो नुकसान उन्हीं का होगा. उनके मुताबिक कुछ छोटे दल सदन चलाने के पक्ष में हैं और वे अपने मुद्दे उठाना चाहते हैं.

उन्होंने यह भी इशारा किया कि विपक्ष में पूरी एकजुटता नहीं है. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए. उनके अनुसार कई छोटे दल सदन को ठप करने के पक्ष में नहीं हैं. खासकर वे दल जिनके राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, वे सदन में अपने मुद्दे उठाना चाहते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

क्यों हुआ था बवाल?
बजट सत्र के पहले हिस्से में लोकसभा में लगातार हंगामा हुआ था. 2 फरवरी के बाद से ही सदन की कार्यवाही प्रभावित रही. कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख के अप्रकाशित किताब का हिस्सा पढ़ने की अनुमति नहीं दी गई थी. इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

4 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब नहीं दे सके. विपक्ष के हंगामे के बीच सदन में सामान्य प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. 5 फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव बिना प्रधानमंत्री के भाषण के ही पास कर दिया गया. स्पीकर ने खुद प्रस्ताव पढ़ा और शोर-शराबे के बीच उसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया.

बाद में स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ विपक्षी सांसद प्रधानमंत्री की सीट के पास कोई अप्रत्याशित हरकत कर सकते हैं. इस वजह से उन्होंने प्रधानमंत्री को सदन में न आने की सलाह दी थी. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस दावे को खारिज कर दिया. इसके बाद आठ विपक्षी सांसदों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है. हाल ही में स्पीकर ने अविश्वास प्रस्ताव दिए जाने के कुछ घंटों बाद पीठासीन अधिकारी की भूमिका से खुद को अलग कर लिया है.