News in Brief

Maharashtra Municipal Elections 2026: महाराष्ट्र में आज नगर निगम चुनाव के बीच शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज्य चुनाव आयोग और चुनाव आयुक्त को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह साफ किया जाना चाहिए कि चुनाव आयुक्त को वेतन कैसे दिया जाता है. इतने लंबे समय तक चुनाव न कराने के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी भी चाहिए.

बता दें कि उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुंबई नगर निगम के चुनाव करीब 9 साल बाद हो रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि इतने सालों तक चुनाव आयुक्त और उनका स्टाफ क्या कर रहा था. उनके मुताबिक चुनाव में देरी लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है. इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कदम उठाया जाना चाहिए.

वोटिंग की अपील
उद्धव ठाकरे ने यह भी बताया कि उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया है. उन्होंने राज्य के सभी उन इलाकों के मतदाताओं से अपील की जहां आज चुनाव हो रहे हैं. वे बढ़-चढ़कर वोट डालें और अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें.

Add Zee News as a Preferred Source

महाराष्ट्र में आज मतदान
महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में आज वोटिंग हो रही है. हाई-वोल्टेज प्रचार के बाद अब शहरी इलाकों में सियासी मुकाबला अपने चरम पर है. मुंबई, पुणे, नासिक, नागपुर, नवी मुंबई, ठाणे और पिंपरी-चिंचवड़ जैसे बड़े शहरों में चुनावी नतीजों को लेकर खास उत्सुकता देखी जा रही है.

इन चुनावों में बीजेपी की अगुवाई वाला महायुति गठबंधन ज्यादातर जगहों पर साथ मिलकर चुनाव लड़ रहा है. हालांकि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में अजित पवार की एनसीपी ने शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के साथ गठबंधन किया है. दोनों ने संयुक्त घोषणा पत्र भी जारी किया है.

मुंबई और पुणे पर सबकी नजर
सबसे बड़ा मुकाबला मुंबई और पुणे में माना जा रहा है. मुंबई में बीजेपी नेतृत्व वाली महायुति का सामना उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के साथ आए गुट से है. नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले दोनों ठाकरे भाइयों ने मराठी मानुस के मुद्दे पर हाथ मिलाया है. यह लड़ाई बीएमसी पर कब्जे को लेकर है जो देश की सबसे अमीर नगर निकाय मानी जाती है. बीएमसी के आखिरी चुनाव साल 2017 में हुए थे.

पुणे में बड़ा सियासी बदलाव
पुणे में भी चुनाव से ठीक पहले बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला. 2023 में एनसीपी टूटने के बाद अब अजित पवार और शरद पवार एक बार फिर साथ आ गए हैं. पुणे नगर निगम में बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने सीट बंटवारे पर सहमति न बनने के बाद पुणे में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है.

बता दें कि राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक इन नगर निगम चुनावों में करीब 3.48 करोड़ मतदाता वोट डाल सकते है. कुल 15,908 उम्मीदवार मैदान में हैं. जो 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. पूरे राज्य में 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. वोटिंग सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक चलेगी और मतगणना 16 जनवरी शुक्रवार को होने वाली है.

यह भी पढ़ें: BMC चुनाव में BJP नेता गणेश नाइक का नाम वोटर लिस्ट से कटा, चुनाव आयोग पर लगाए आरोप