News in Brief

मुंबई: महाराष्ट्र के बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शनिवार को कोरोना महामारी (Coronavirus) को लेकर कांग्रेस (Congress) पर निशाना साधा. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस सरकार में है. उन्हें वहां पर सलाह देनी चाहिए कि कोरोना से कैसे निपटा जाए.

सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को भेजा था पत्र

फडणवीस (Devendra Fadnavis) का यह पत्र सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की ओर से कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र के बाद आया है. उस पत्र में सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर महामारी से निपटने में लचर रुख अपनाने का आरोप लगाया था. फडणवीस ने कहा कि केंद्र की आलोचना करने के बजाय सोनिया गांधी को कांग्रेस शासित राज्यों को भी सलाह देनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में देश के 22 प्रतिशत संक्रमण के मामले हैं. यहां पर 31 प्रतिशत मौतें और मौजूदा समय में 14 प्रतिशत उपचाराधीन मरीज हैं. फड़नवीस ने कहा कि अगर महाराष्ट्र सरकार मिलकर काम करे तो कुल मिलाकर देश की स्थिति सुधरेगी. उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र को केंद्र से अधिकतम मदद मिली. इनमें कोरोना वैक्सीन की 1.80 करोड़ डोज, 8 लाख रेमडेसिविर की डोज, 1750 मीट्रिक टन ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, बाईपैप और ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर शामिल रहे. 

फडनवीस ने मुंबई मॉडल पर उठाए सवाल

फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने महामारी (Coronavirus) से निपटने के लिए ‘मुंबई मॉडल’ पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यह अधिक रैपिड एंटीजन (आरटी-पीसीआर जांच के बजाय) के बारे में है जबकि कुल मिलाकर जांच की संख्या घटा दी गई. गौरतलब है कि ‘मुंबई मॉडल’ की प्रशंसा अदालत और केंद्र ने भी की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि महानगर में कोविड-19 से होने वाली मौतों को 40 प्रतिशत ‘कम दिखाया’ गया और मौतों को अन्य श्रेणियों में दर्ज किया गया.

फडणवीस ने कहा, ‘रोजाना देश में करीब 4000 मौतें दर्ज की जा रही हैं. जिनमें से 850 मौतें अकेले महाराष्ट्र में हो रही हैं. विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तरी महाराष्ट्र पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. ऐसा लगता है कि उनको उनकी किस्मत पर छोड़ दिया गया है.’ उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना-कांग्रेस- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सरकार इन इलाकों को नजरंदाज कर रही हैं. 

कांग्रेस ने फडनवीस को दी ये चुनौती

फडणवीस (Devendra Fadnavis) के आरोपों पर जवाब देते हुए कांग्रेस (Congress) ने कहा कि यह केंद्र की असफलता को ढंकने की कोशिश है. महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को ‘श्मशान भूमि’ बना दिया है. उन्होंने एक बयान में कहा, ‘फडणवीस में प्रधानमंत्री को लिखने की हिम्मत होनी चाहिए.’पटोले ने कहा, ‘केंद्र सरकार का अहंकार और आत्मसंतोष इस स्थिति के लिए जिम्मेदार है.’

ये भी पढ़ें- Corona की तीसरी लहर पर बोले RSS प्रमुख Mohan Bhagwat, ‘सब मिलकर लडेंगे तो जीतेंगे’

उन्होंने कहा कि जब अन्य देश अपने नागरिकों के टीकाकरण में तेजी ला रहे थे, तब मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त थे. पटोले ने कहा कि मुश्किलों के बावजूद महाराष्ट्र ने 1.15 करोड़ का टीकाकरण किया, जो देश में सबसे अधिक है. महाराष्ट्र कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सांवत ने कहा कि फडणवीस का पत्र उनके ‘ढोंग’ और ‘दोहरी बातों’ को दिखाता है. 

LIVE TV