News in Brief

नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus in India) के बढ़ते संक्रमण के बीच कई राज्य वैक्सीन की कमी का सामने कर रहे हैं और लोगों का टीकाकरण के लिए इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है. हालांकि केंद्र सरकार का कहना है कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मौजूद है और अगले 2-3 दिन में और वैक्सीन की खुराक मिल जाएंगी.

राज्यों के पास 2 करोड़ से ज्यादा खुराक मौजूद

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) ने सोमवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास इस समय कोविड-19 टीकों की दो करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं, वहीं उन्हें करीब तीन लाख खुराक अगले तीन दिन में मिल जाएंगी.

अब तक मुहैया कराई गई हैं 20 करोड़ से ज्यादा खुराक

मंत्रालय ने कहा कि केंद्र ने अभी तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को टीकों की 20 करोड़ से ज्यादा (20,76,10,230) खुराक नि:शुल्क मुहैया कराई हैं. इनमें से 16 मई तक के औसत आंकड़ों के आधार पर कुल खपत 18 करोड़ 71 लाख 13 हजार 705 खुराकों की हुई है, जिनमें बेकार जाने वाले टीके भी शामिल हैं. यह संख्या सोमवार सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों पर आधारित है.

अगले 3 दिन में मिल जाएंगी 2.94 लाख खुराक

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास लोगों को लगाने के लिए कोविड-19 टीकों की अभी दो करोड़ से अधिक (2,04,96,525) खुराक उपलब्ध हैं. मंत्रालय ने बताया कि इनके अलावा राज्यों को अगले तीन दिन के भीतर 2 लाख 94 हजार 660 खुराक और मिल जाएंगी.

देशभर में कोरोना से करीब 2.5 करोड़ लोग हो चुके हैं संक्रमित

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में भारत में 2 लाख 81 हजार 286 लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित हुए है, जबकि इस दौरान 4106 लोगों की जान गई. इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2 करोड़ 49 लाख 65 हजार 463 हो गई है, जबकि 2 लाख 74 हजार 390 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. आंकड़ों के अनुसार, देशभर में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 78 हजार 741 लोग ठीक हुए, जिसके बाद कोविड-19 से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 2 करोड़ 11 लाख 74 हजार 76 हो गई है. इसके साथ ही देशभर में एक्टिव मामलों (Coronavirus Active Cases in India) में भी गिरावट आई है और देशभर में 35 लाख 16 हजार 997 लोगों का इलाज चल रहा है.

लाइव टीवी