News in Brief

तिरुवनंतपुरम: केरल (Kerala) में लगातार दूसरी बार शानदार जीत दर्ज करने वाली CPM ने एक हैरानीभरा कदम उठाते हुए अपनी लोकप्रिय स्वास्थ्य मंत्री रही के के शैलजा (K K Shailaja) को मंत्रिमंडल में स्थान न देने का फैसला किया है. उनके स्थान पर नए चेहरों पर दांव आजमाया जाएगा. 

मंगलवार को हुई CPM की बैठक 

नए मंत्रिमंडल का गठन करने के लिए मंगलवार को AKG Centre में बने CPM सचिवालय में पार्टी नेताओं की बैठक हुई. मीटिंग में फैसला लिया गया कि पिनरायी विजयन (Pinarayi Vijayan) के नेतृत्व में बनने वाले नए मंत्रिमंडल में केवल नए चेहरों को स्थान दिया जाएगा. 

बैठक के दौरान कई पार्टी नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री रहीं के के शैलजा (K K Shailaja) को दूसरा कार्यकाल देने की मांग की. नेताओं ने कहा कि के के शैलजा ने 2018 में निपाह वायरस और उसके बाद कोरोना वायरस के प्रकोप में राज्य में बेहतरीन काम किया. उनके बेहतरीन नेतृत्व की वजह से ही केरल (Kerala) इस महामारी में भी काफी हद तक बीमारी से बचा रहा. 

किसी भी पूर्व मंत्री को दोबारा मौका नहीं

नेताओं की मांग के बावजूद पार्टी की टॉप लीडरशिप ने स्पष्ट कर दिया कि वह पहले मंत्री रहे किसी भी विधायक को दोबारा से मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करेगी. ऐसे में के के शैलजा का भी दोबारा से मंत्री न बनना लगभग तय हो गया है. हालांकि शैलजा के अनुभव और उनकी लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी उन्हें असेंबली में चीफ व्हिप का पद दे सकती है. 

शैलजा के बढ़ते कद से परेशान थे विजयन?

केरल की लोकप्रिय स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा (K K Shailaja) को दोबारा से मंत्रिमंडल में स्थान न देने को CPM पार्टी की नीति कहकर बचाव कर रहे हैं. वहीं पार्टी में अंदरखाने चर्चा है कि पिनरायी विजयन (Pinarayi Vijayan) केरल (Kerala) में के के शैलजा के बढ़ते कद और लोकप्रियता से परेशान थे. इसलिए उन्हें अपने रास्ते से हटाने के लिए पुराने मंत्रियों को दोबारा से मंत्रिमंडल में शामिल न करने की नीति तैयार करवाई गई. जिससे शैलजा दोबारा से मंत्रिमंडल में न आ सके.

‘सबको मंत्री बनने का मौका मिलना चाहिए’

खुद को मंत्रिमंडल से बाहर रखे जाने पर के के शैलजा (K K Shailaja) की प्रतिक्रिया सामने आई है. शैलजा ने कहा, ‘अच्छा है कि नई कैबिनेट आ रही है. सबको मौका मिलना चाहिए. पार्टी ने पिछली बार मुझे मंत्री बनाने का फैसला किया. मेरे लिए यह बहुत अच्छा अनुभव था. लेकिन और भी कई लोग हैं. जिन्हें मौका मिलना चाहिए. वे भी मेहनत कर सकते हैं. यह बहुत अच्छा फैसला है.’

उन्होंने कहा, ‘यह एक ऐतिहासिक जीत है. एलडीएफ फिर से सत्ता में आया है. इससे पहले पहले एलडीएफ और यूडीएफ बारी-बारी से केरल में सरकार बनाती थीं. इस बार सरकार के अच्छे कामों की वजह से लोगों ने एलडीएफ को रिपीट किया है. यह एक अच्छा संकेत है. हम समाज में कई बदलाव कर सकते हैं. मुझे लगता है कि आने वाली एलडीएफ सरकार भी समाज में बदलाव के लिए काम करेगी.’

लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटा LDF

बताते चलें कि इस बार सीएम Pinarayi Vijayan के आग्रह पर CPM ने केरल विधान सभा चुनाव में 38 सिटिंग विधायकों के टिकट काट दिए थे. इसकी वजह से उनके खिलाफ एंटी इनकंबेंसी लहर कम हो गई. वर्ष 2016 में पार्टी ने 58 सीटें जीती थीं, जो इस बार बढ़कर 62 हो गई. वहीं एलडीएफ की सीटें भी 91 से बढ़कर 99 हो गई है. पिनाराई विजयन 20 मई को एक बार फिर केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.

इन चेहरों को मिला मौका 

पार्टी की राज्य समिति के सदस्य एम वी गोविंदन, राज्यसभा के पूर्व सदस्य पी राजीव और के एल बालगोपाल, वरिष्ठ नेताओं के राधाकृष्णन, वी एन वासवन, साजी चेरियनऔर वी शिवनकुट्टी उन लोगों में शामिल हैं जिन्हें विजयन की दूसरी कैबिनेट में मौका मिला है.

वीना जॉर्ज और माकपा की राज्य इकाई के कार्यकारी सचिव ए विजयराघवन की पत्नी आर बिंदु नये मंत्रिमंडल में शामिल होने वाली महिला सदस्य हैं. विजयन के दामाद और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफइंडिया (डीवाईएफआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रियास को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है. एम बी राजेश को पार्टी की ओर से विधानसभा अध्यक्ष पद का प्रत्याशी चुना गया.

ये भी पढ़ें- कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के लिए UN ने इस राज्य की स्वास्थ्य मंत्री को किया सम्मानित

इस बीच, माकपा से सबक लेते हुए भाकपा ने भी मंत्रिमंडल में नये चेहरों को मौका दिया है. भाकपा ने बताया कि नव निर्वाचित विधायक के राजन,पी प्रसाद, जे चिंचू रानी और जी आर अनिल गठबंधन सरकार में पार्टी की ओर से मंत्री बनेंगे. पार्टी ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और अडूर से विधायक सी गोपकुमार को पार्टी की ओर से विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिये नामित किया गया है.

सेंट्रल स्टेडियम में होगी शपथ

माकपा की राज्य समिति ने नयी सरकार में अपने कोटे के मंत्रियों में 11 नये चेहरों को चुना है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं. विजयन के नेतृत्व में नये मंत्रियों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए 20 मई को यहां सेंट्रल स्टेडियम में शपथ दिलाई जाएगी.

LIVE TV