News in Brief

भोपाल: कोरोना का खौफ लोगों में किस कदर फैल चुका है इसकी एक बानगी भोपाल में देखने को मिली है. यहां एक शख्स ने कोरोना संक्रमित होने के डर से किसी दोस्त की सलाह पर केरोसिन पी लिया जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि बाद में जब टेस्ट किया गया तब उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई.

दोस्त ने दी केरोसिन पीने की सलाह

दरअसल, 30 साल के महेंद्र को कुछ दिन से बुखार था लेकिन उसे कोरोना संक्रमित होने का डर लग रहा था. फिर किसी दोस्त की सलाह पर उसने बीमारी को ठीक करने के लिए केरोसिन पी लिया, जिसके बाद उसकी हालत खराब हो गई. शख्स को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन आखिर में उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.

भोपाल में टेलर का काम करने वाले महेंद्र को पिछले 5-6 दिन से बुखार था. लेकिन उसने दवा लेने की बजाय खुद को कोरोना संक्रमित मान लिया. उसे शक था कि वह किसी संक्रमित के संपर्क में आ गया है और यह बीमारी उसे भी हो गई है. इस स्थिति में उसने अपने एक दोस्त को अपना हाल बताया. दोस्त ने उसे कोरोना ठीक करने के लिए केरोसिन पीने की सलाह दे डाली.

टेस्ट में निगेटिव निकला शख्स

केरोसिन पीने के बाद महेंद्र की हालत बिगड़ी और परिवार के लोग उसे पास के अस्तपाल लेकर दौड़े. लेकिन वहां बेड खाली न होने का हवाला देकर उसे भर्ती करने से मना कर दिया गया. इसके बाद परिजनों उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन आखिर में शनिवार को उसे मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक अस्पताल प्रशासन ने उसका कोरोना टेस्ट कराया जिसमें महेंद्र की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है.