News in Brief

नई दिल्ली: अगर आपको कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) लगवाने के लिए स्लॉट नहीं मिल रहा है और आप अपनी जेब ढीली करने के लिए तैयार हैं तो टूर एंड ट्रैवल कंपनी (Tour & Travel Company) आपके लिए अनोखा ऑफर लेकर आई है. इस ऑफर के जरिए आप वैक्सीन भी लगा सकते हैं और हॉलीडे का मजा भी ले सकते हैं.

कोरोना काल का अनोखा ऑफर
कोरोना महामारी (Coronavirus) का सबसे ज्यादा असर टूरिज्म इंडस्ट्री पर पड़ा है. कई देशों ने अपने बॉर्डर बंद कर दिए हैं और देश के बाहर घूमना एक सपने की तरह हो गया है. कोरोना पर काबू पाने के लिए पूरी दुनिया में वैक्सीनेशन प्रोग्राम जोरों पर चलाया जा रहा है ऐसे में एक ट्रैवल एजेंसी ने वैक्सीन और टूरिज्म को एक साथ जोड़कर लोगों के लिए अनोखा ऑफर निकाला है.

स्पूतनिक की दोनों डोज लगेंगी
दिल्ली की एक ट्रैवल एजेंसी ने दिल्ली से मॉस्को के लिए 24 दिनों के पैकेज टूर की शुरुआत की है. इस पैकेज के तहत यात्रियों को रूस बुलाया जाएगा, Sputnik V Vaccine की दो डोज ऑफर की जाएंगी और साथ में इसका सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा.  

कितने रुपये का है पैकेज
इस पैकेज की खास बात ये है कि टूरिस्ट इन दो डोज के बीच में रूस में कई जगहों पर घूमने का मजा भी ले सकते हैं. इस पैकेज की कुल कीमत 1 लाख 38 हजार 700 रुपये है और इसमें वैक्सीन का खर्च भी शामिल है लेकिन वीजा चार्ज और टैक्स अलग से देना होगा. 

क्या-क्या है पैकेज में 
24 रात और 25 दिन के पैकेज में वैक्सीन की दो डोज, दिल्ली-मॉस्को की हवाई टिकट, सेंट पीटर्सबर्ग के 3 स्टार होटल में 4 दिन ठहरने की सुविधा, मॉस्को के 3 स्टार होटल में 20 दिन ठहरने की सुविधा, मास्को-सेंट पीटर्सबर्ग आने-जाने की ट्रेन टिकट के अलावा 24 दिनों तक ब्रेकफास्ट और डिनर भी शामिल है.

यह भी पढ़ें: Cyclone Taukatae: पीएम मोदी ने गुजरात के लिए किया 1000 करोड़ के राहत पैकेज का ऐलान

सेहत पर भारी पड़ सकता है ऑफर
वैक्सीन टूरिज्म का यह ऑफर है तो लुभावना लेकिन यह आपकी सेहत पर भारी भी पड़ सकता है. श्वास रोग विशेषज्ञ, डॉ आशीष जायसवाल के मुताबिक ऐसे में जब कोरोना वायरस (Coronavirus) तेजी से फैल रहा है तब एयरपोर्ट जाना या किसी दूसरे देश में यात्रा करना जान पर भारी पड़ सकता है. हालांकि टूरिज्म कंपनी का ऑफर लोगों को बेहद पसंद भी आ रहा है और लगातार लोग पैकेज की जानकारी लेने के लिए फोन कर रहे हैं लेकिन यह ऑफर आपकी सेहत को खतरे में भी डाल सकता है इसलिए फैसला सोच समझ कर करें.

LIVE TV