News in Brief

बेंगलुरु: कर्नाटक (Karnataka) के कोडागु (Kodagu) की 9 साल की एक बच्‍ची का ओपन लेटर इस समय खासा वायरल हो रहा है. इस पत्र में उसने अपनी दिवंगत मां का मोबाइल फोन खोजने में मदद करने की अपील की है. बच्‍ची की मां का फोन कथित तौर पर Covid-19 हॉस्पिटल से गायब हो गया था, जहां उनकी इस वायरस से लड़ते हुए 16 मई को मौत हो गई थी. पोस्‍ट वायरल होने के बाद कर्नाटक पुलिस (Karnataka police) ने ट्वीट करके कहा है कि वह मोबाइल तलाश कर रही है. 

पिता के साथ क्‍वारंटीन में थी बच्‍ची

कुशलनगर निवासी इस बच्‍ची ऋतिक्षा (Hrithiksha) ने कोडागु के डिप्‍टी कमिश्‍नर, विधायक और जिला कोविड-19 अस्‍पताल को लिखे पत्र में कहा है, ‘मेरे पिता, मेरी मां और मेरा Covid-19 टेस्‍ट पॉजिटिव आया था. मां की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मदिकेरी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया. मेरे पिता और मैं घर पर ही क्‍वारंटीन (home quarantine) में थे और घर से बाहर नहीं निकल सकते थे. तबियत बिगड़ने पर 16 मई को मेरी मां का निधन हो गया. किसी ने मेरी मां का फोन ले लिया है, जो हॉस्पिटल में उनके पास था. उस फोन में मेरी मां की कई यादें हैं. मैंने अपनी मां को खो दिया है लेकिन उसकी यादें अपने पास रखना चाहती हूं. जिसके पास भी वह फोन है, कृपया मुझे दे दें.’  

यह भी पढ़ें: रेसलर Sushil Kumar की मुश्किलें बढ़ीं, जान के पीछे पड़ा Kala Jathedi Gang; जानिए वजह

पिता हैं दिहाड़ी मजदूर 

बच्‍ची ने यह भी लिखा है, ‘मेरे पिता एक अवैतनिक श्रमिक हैं. हम इस समय पड़ोसियों की मदद से जी रहे हैं.’ इंडियन एक्‍सप्रेस की वेबसाइट में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक बच्‍ची के पिता ने नवीनकुमार टी.आर. ने बताया कि उनकी पत्नी टी.के. प्रभा (36) के कोविड -19 से निधन के बाद हमें उसका अन्य सामान तुरंत सौंप दिया गया, लेकिन उसमें से उसका मोबाइल फोन गायब था. हमने उस नंबर पर कई बार कॉल किया लेकिन फोन स्विच ऑफ है. मामले में कुशलनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है. 

मां के फोन से करती थी पढ़ाई 

कुमार ने कहा, ‘मेरी बेटी बहुत दुखी है. उस फोन में हमारे परिवार की बहुत सारी फोटो, वीडियो हैं. इस फोन से ही मेरी बेटी ऑनलाइन क्‍लासेस में पढ़ाई करती थी. मैं खुद को असहाय महसूस कर रहा हूं क्योंकि न तो वह फोन मिल रहा है और न ही मेरे लिए नया फोन खरीदना संभव हो पा रहा है.’

पुलिस खोज रही है फोन 

इस पोस्‍ट के वायरल होते ही कई यूजर्स ने पुलिस से बच्‍ची का फोन ढूंढने की अपील की है. इस पर कर्नाटक के डीजी और आईजीपी प्रवीण सूद ने ट्वीट कर जवाब दिया है, ‘हमारी टीम इस पर काम कर रही है, लेकिन बहुत से लोग इस पर काम करने का दावा कर रहे हैं. इससे मदद नहीं मिलेगी. हम फोन ट्रेस करने की पूरी कोशिश करेंगे.’ पुलिस इस मामले में अस्‍पताल से भी बात कर रही है. 

वहीं स्थानीय भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) कार्यालय के स्वयंसेवकों की एक टीम ने बच्‍ची को नया फोन दिया.