News in Brief

इंदौर: भारत अभी कोरोना वायरस की दूसरी लहर (Coronavirus 2nd Wave) से जूझ रहा है और इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने इसे देश के खिलाफ चीन की साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) लगातार चीन को चुनौती दे रहे थे और इसी के जवाब में चीन ने वायरल वॉर (Viral War by China) शुरू किया है.

कोरोना की दूसरी लहर जांच का विषय: कैलाश विजयवर्गीय

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, इंदौर में ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर वितरित करने के लिए आयोजित एक समारोह में कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने कहा, ‘कोविड-19 की दूसरी लहर स्वाभाविक रूप से फैल गई है या प्रायोजित है, यह जांच का विषय है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘दुनिया में अगर किसी ने चीन को चुनौती दी है तो वह भारत और मोदी जी हैं.’

‘भारत के पड़ोसी देशों पर क्यों नहीं हुआ दूसरी लहर का असर’

कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने कहा, ‘क्या यह चीन का वायरल वॉर है? इस पर बहस शुरू हो गई है. हमें लगता है कि भारत में परेशानी पैदा करने के लिए यह चीन का वायरल वॉर है, क्योंकि भारत में ही कोविड-19 की दूसरी लहर (Covid-19 2nd Wave) शुरू हुई है. यह बांग्लादेश, पाकिस्तान, भूटान या अफगानिस्तान में नहीं फैला है.’

ऑक्सीजन की कमी पर विजयवर्गीय ने दी सफाई

देश में ऑक्सीजन की कमी पर कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ऑक्सीजन संकट से उबारने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. उन्होंने कहा, ‘आप ऑक्सीजन संकट के दौरान मोदी जी द्वारा किए गए कार्यों की कल्पना नहीं कर सकते. नौसेना, सेना और वायु सेना का इस्तेमाल किया गया और जहाजों, हवाई जहाजों और ट्रेनों के माध्यम से ऑक्सीजन टैंकरों को लाया गया. शुरुआती 4-5 दिनों में हमें परेशानी हुई. हमें दूसरी लहर की तीव्रता और उसके प्रभाव के बारे में पता नहीं था.’

सभी को देश के साथ खड़े होने की जरूरत: विजयवर्गीय

कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) ने यह भी कहा कि चीन का वायरल वॉर भारत की प्रतिष्ठा कम करने के लिए रची गई साजिश का हिस्सा है. उन्होंने कहा, ‘ऐसे समय में हमें राष्ट्र के लिए एक साथ खड़ा होना चाहिए. हम पार्टी के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए काम कर रहे हैं.’

लाइव टीवी