News in Brief

नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर (Coronavirus 2nd Wave) का कहर अब धीरे-धीरे थमने लगा है और नए मामलों के साथ मौत के आंकड़ों में भी बड़ी गिरावट आई है. देशभर में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1.79 लाख नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 3558 लोगों की मौत हुई है. इससे पहले गुरुवार (27 मई) को जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में 2.11 लाख नए केस सामने आए थे और 3842 मरीजों की जान गई थी. वहीं 26 मई को 2.08 लाख नए केस दर्ज किए गए थे और 4157 संक्रमितों की मौत हुई थी.

देशभर में 24 घंटे में 179770 नए केस आए सामने

वर्ल्डोमीटर के अनुसार, पिछले 24 घंटे में भारत में 1 लाख 79 हजार 770 लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित हुए है, जबकि इस दौरान 3558 लोगों की जान गई. इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2 करोड़ 75 लाख 47 हजार 705 हो गई है, जबकि 3 लाख 18 हजार 821 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

ये भी पढ़ें- लैब में बनाया गया कोरोना! इस पोस्‍ट को लेकर Facebook ने किया बड़ा फैसला

23 लाख के करीब पहुंचे कोविड-19 के एक्टिव केस

आंकड़ों के अनुसार, देशभर में पिछले 24 घंटे में 2 लाख 64 हजार 312 लोग ठीक हुए, जिसके बाद कोविड-19 से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 2 करोड़ 48 लाख 90 हजार 326 हो गई है. इसके साथ ही देशभर में एक्टिव मामलों (Coronavirus Active Cases in India) में लगातार गिरावट हुई है और देशभर में 23 लाख 38 हजार 558 लोगों का इलाज चल रहा था.

दिल्ली में कमजोर पड़ने लगी है कोरोना की दूसरी लहर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना केसों (Coronavirus in Delhi) में लगातार कमी आ रही है और पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1072 केस आए हैं, जबकि 117 मौतें दर्ज की गई. 30 मार्च के बाद एक दिन में सबसे कम मामले सामने आए हैं, वहीं 15 अप्रैल के बाद सबसे कम मौत का आंकड़ा हैं. बता दें कि दिल्ली में 30 मार्च को 992 केस सामने आए थे, वहीं 15 अप्रैल को राजधानी में 112 संक्रमितों की मौत हुई थी. दिल्ली में संक्रमण दर घटकर 1.53 फीसदी हो गई है, जो 24 मार्च के बाद सबसे कम है. 24 मार्च को दिल्ली में संक्रमण दर 1.52 फीसदी थी.

लाइव टीवी