News in Brief

नई दिल्ली: ज़ी न्यूज़ लगातार रेसलर सुशील कुमार की कलंक कथा को उजागर कर रहा है. आज इसी कड़ी में हम हत्या के आरोपी रेसलर सुशील कुमार से जुड़ी एक और एक्सक्लूसिव तस्वीर आपको दिखाने जा रहे हैं. ये वो तस्वीर है जो सुशील कुमार के गुनाह से पर्दा उठा सकती है. तस्वीरों में सुशील कुमार सागर धनखड़ की पिटाई करते दिखाई दे रहा है और पहलवान सागर पिटाई से जख्मी होकर जमीन पर लहूलुहान पड़ा है. सुशील और उनके साथी सागर के आस-पास खड़े दिख रहे हैं.

बता दें कि 23 मई को फरार सुशील कुमार को सागर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और आज सुशील कुमार की 6 दिन की रिमांड खत्म होने वाली है. ऐसे में सुशील कुमार की एक्सक्लूसिव तस्वीर आने के बाद दिल्ली पुलिस और रिमांड की मांग कर सकती है.

साल 2008 में पहलवान सुशील की जिंदगी बदल गई. देश ने सुशील कुमार के पदक जीतने पर गर्व महसूस किया था. लेकिन सागर हत्याकांड ने सुशील को विनर से किलर बना दिया है. पुलिस ने इस सिलसिले में अब तक सुशील समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है.

तिरंगे को अपने कंधे पर उठाने वाला खिलाड़ी आज अपने हाथों में हथियार के साथ नजर आ रहा है. ये तस्वीरें सुशील कुमार के गुनाहों को साबित कर रही हैं. ये तस्वीरें साबित करती हैं, सुशील कुमार पर जो हत्या के आरोप लगाए जा रहे हैं और जिस वजह से सुशील कुमार हिरासत में है.

ये तस्वीरें 4 और 5 मई की रात की हैं. इन तस्वीरों में पहलवान सुशील कुमार को युवा पहलवान सागर की पिटाई करते हुए साफ-साफ देखा जा सकता है. तस्वीरों में आपको 12-15 लोग और 3 गाड़ियां दिखाई दे रही होंगी. एक शख्स हाथों में रिवाल्वर लिए नजर आ रहा है, जिसकी पहचान प्रिंस के तौर पर हुई है. प्रिंस भी पुलिस हिरासत में है.

बताया जा रहा है कि मामूली बात पर कहासुनी के बाद छत्रसाल स्टेडियम के पास 23 साल के युवा पहलवान सागर को सुशील कुमार और उसके साथियों ने घेर लिया. फिर पहलवान सागर पर हमला कर दिया. तस्वीरों में आप साफ-साफ देख सकते हैं कि पहलवान सागर जमीन पर पड़े नजर आ रहे हैं. सुशील कुमार और उसके साथी उसकी पिटाई कर रहे हैं. पिटाई के बाद पहलवान सागर की जान चली गई.

सागर की हत्या का आरोप अभी तक सुशील कुमार पर साबित नहीं हुआ है लेकिन इसमें कुछ गैंग्स के शामिल होने की बात कही जा रही है. बताया जा रहा है कि तस्वीरों में दिख रही स्कार्पियो से नीरज बवानिया और कला असौड़ा गैंग के लोग भी आए थे.

ये भी बताया जा रहा है कि ये वीडियो सुशील कुमार ने खुद बनवाया था ताकि बाकी पहलवानों को ये दिखाया जा सके कि जो सुशील कुमार की बात नहीं सुनता है उसका अंजाम क्या होता है.

सुशील कुमार को ऐसे व्यक्ति के रूप में जाना जाता है जिसने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया था लेकिन इन तस्वीरों ने सुशील कुमार की छवि धूमिल कर दी. साथ ही एक युवा पहलवान का सपना भी खत्म हो गया.