
नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) की अध्यक्षता में गुरुवार (3 जून) को दिल्ली में एक तीन दिवसीय बैठक शुरू हो रही है. संघ के शीर्ष पदाधिकारियों की इस बैठक में Covid-19 की एक और लहर के लिए तैयारी, पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा और देश की वर्तमान स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
अहम है यह बैठक
सूत्रों के मुताबिक यह बैठक इस मायने में अहम है कि यह आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में राजनीतिक रूप से अहम उत्तर प्रदेश से संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के कुछ दिन बाद हो रही है. समझा जाता है कि होसबले ने इस बैठक में Covid-19 के प्रबंधन के बारे में फीडबैक लिया था. सूत्र ने कहा, ‘भागवतजी, दत्ताजी, सभी पांच सह सरकार्यवाह और सुरेश भैयाजी जोशी दिल्ली में होंगे और वे सभी देश के सामने मौजूद विभिन्न प्रासंगिक और वर्तमान मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कई दौर की बैठकें करेंगे.’
इन विषयों पर होगी चर्चा
सूत्र ने बताया कि बैठक में जिन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है, वे अर्थव्यवस्था समेत कोविड के संपूर्ण प्रभाव, स्वयंसेवकों द्वारा किये जा रहे कल्याणकारी एवं राहत कार्य, संभावित तीसरी लहर के लिए तैयारी तेज करने जैसे विषय शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: पुलवामा में आतंकियों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या की
यूपी पर भी चर्चा संभव
सूत्र ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा, देश की राजनीतिक एवं वैचारिक रूप से अहम खासकर उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति इस बैठक में अहम रूप से छाये रहने की संभावना है. उन्होंने कहा कि वैसे तो सत्तारूढ़ भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ किसी भी बैठक का कार्यक्रम नहीं है लेकिन उसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है. संघ के सूत्रों ने इसे शीर्ष पदाधिकारियों की अनौपचारिक बैठक बताया है जो हर महीने होती है.
LIVE TV
