
नई दिल्ली: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी (Mehul Choksi) पर आज फिर से डोमिनिका हाई कोर्ट (Dominica High Court) में सुनवाई होगी. इस बीच, भगोड़े कारोबारी की पत्नी ने चुप्पी तोड़ते हुए कई सवाल उठाए हैं. प्रीति चोकसी (Priti Choksi) ने पूछा है कि जिस बारबरा जराबिका (Barbara Jarabica) को उनके पति की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है, आखिर वो है कहां? इसके साथ ही प्रीति ने एंटीगुआ और डोमिनिका के अधिकारियों पर भी निशाना साथ है.
Jarabica सामने क्यों नहीं आती?
Zee News की सहयोगी वेबसाइट WION से एक्सक्लूसिव बातचीत में प्रीति चोकसी ने कहा कि जिस बारबरा जराबिका को मेहुल की गर्लफ्रेंड कहा जा रहा है वो कहां है? यदि उसने कोई अपराध होते हुए देखा था, तो सामने आकर बयान क्यों नहीं दे रही है? उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है, कोई नहीं जानता कि वो कहां है, क्या ये सब अजीब नहीं लगता?
ये भी पढ़ें -Mehul Choksi की वापसी के लिए भारतीय टीम ने Dominica में डाला डेरा, Sharda Raut के हाथ में है मिशन की कमान
Girlfriend से मिलने पहुंचा था चोकसी?
प्रीति चोकसी ने कहा कि बारबरा जराबिका के नाम से जो तस्वीर मीडिया में दिखाई जा रही है वो गलत है. इस सवाल के जवाब में कि जराबिका वास्तव में है कौन? प्रीति ने कहा, ‘मैं कभी उससे व्यक्तिगत रूप से नहीं मिली. मुझे बस इतना पता है कि वो हाउस रिनोवेशन का काम करती है और 2-3 बार एंटीगुआ आई थी’. बता दें कि कहा जा रहा है कि मेहुल चोकसी अपनी गर्लफ्रेंड जराबिका से मिलने ही डोमिनिका पहुंचा था.
Torture करने का लगाया आरोप
प्रीति चोकसी ने मेहुल के वकीलों द्वारा लगाये गए प्रताड़ना के आरोपों को सही बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पति से बीत की है. उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया है. प्रीति ने कहा कि यदि कानून का पालन किया जाता तो मेहुल को प्रताड़ित करने के बजाए वापस एंटीगुआ भेज दिया गया होता. उन्होंने कहा कि उनके पति को प्रताड़ित किया गया है, जो कानून के खिलाफ है.
PM Gaston Browne पर साधा निशाना
एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन (PM Gaston Browne) अब कई बार कह चुके हैं कि वह मेहुल चोकसी को भारत भेजना चाहते हैं और इसमें नागरिकता का कोई मुद्दा नहीं है. इस पर कमेंट करते हुए प्रीति चोकसी ने कहा कि प्रधानमंत्री की टिप्पणियों से आघात पहुंचा है. उन्होंने आगे कहा, ‘प्रधानमंत्री ने कहा था कि मेहुल को वापस एंटीगुआ न आने दें, क्योंकि उस स्थिति में एंटीगुआ के संविधान और कानून उसकी रक्षा करेंगे. अब सवाल यह है कि यदि मेहुल एंटीगुआ का नागरिक ही नहीं है, जैसा का दावा किया जा रहा है, तो फिर देश का संविधान और कानून उसकी रक्षा कैसे कर सकते हैं’?
क्या Police ने अपहरण का केस दर्ज किया?
भगोड़े कारोबारी की पत्नी ने डोमिनिका के अधिकारियों को भी निशाना बनाया. प्रीति चोकसी ने कहा, ‘मेहुल के डोमिनिका आने को लेकर कई तरह की बातें की जा रही हैं. उनके अपहरण की बात भी सामने आई है, तो मैं डोमिनिका की पुलिस से पूछना चाहती हूं कि क्या उसने अपहरण का मामला दर्ज किया है? अपहरण गंभीर अपराध है, ऐसे में यह जानना जरूरी है कि पुलिस ने केस दर्ज किया या नहीं’. प्रीति ने यह सवाल भी किया कि जिस बोट से मेहुल के आने की बात कही गई है, वो और उसका चालक दल कहां है? उसका GPS बंद क्यों है?
