News in Brief

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राष्ट्रीय जनता दल के राज्य सभा सांसद अमरेंद्र सिंह धारी को फर्टिलाइजर घोटाले में गिरफ्तार कर लिया है. सासंद के खिलाफ ED ने सीबीआई (CBI) की दर्ज एफआईआर पर मनी लॉड्रिंग का मामला दर्ज करके छापेमारी की.

बता दें कि सीबीआई ने इफ्को के तत्कालीन प्रबंध निदेशक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आईपीएल के तत्कालीन प्रबंध निदेशक और अन्य जिसमें विदेशी आपूर्तिकर्ता, निजी कंपनियों के प्रोत्साहक आदि शामिल हैं, के विरुद्ध मामला दर्ज किया था और 12 ठिकानों पर तलाशी ली थी.

सीबीआई ने केमिकल एंड फर्टिलाइजर्स मिनिस्ट्री, फर्टिलाइजर डिपार्टमेंट, (भारत सरकार) की तरफ से भेजे गए संदर्भों और अन्य विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर, इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफ्को) के तत्कालीन प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) के तत्कालीन प्रबंध निदेशक, निजी कंपनी के दो प्रोत्साहकों, दुबई स्थित कंपनी के अध्यक्ष, प्रोत्साहक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और इसके कर्मचारियों, एक अन्य निजी कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्रोत्साहक और अन्य जिसमें इफ्को के अज्ञात निदेशक आदि शामिल हैं, के खिलाफ मामला दर्ज किया.

यह आरोप है कि इफ्को और इंडियन पोटाश लिमिटेड ने विभिन्न विदेशी आपूर्तिकर्ताओं से फर्टिलाइजर के लिए भारी मात्रा में उर्वरक, जिसकी मात्रा कई हजार मीट्रिक टन है और कच्चा माल का आयात किया. ध्यान रहे कि भारत में किसानों को फर्टिलाइजर की आपूर्ति की जाती है और भारत सरकार किसानों को कम मूल्य पर फर्टिलाइजर की आपूर्ति की सुविधा देने के लिए छूट देती है.

यह भी आरोप है कि ज्यादा छूट के दावे से भारत सरकार को धोखा देने के लिए, इफ्को और इंडियन पोटाश लिमिटेड के कर्मी, दुबई में स्थित मैसर्स किसान इंटरनेशनल एफजेडई (इफ्को की एक सहायक कंपनी) और अन्य बिचौलियों के माध्यम से इफ्को के तत्कालीन प्रबंध निदेशक और इंडियन पोटाश लिमिटेड के तत्कालीन प्रबंध निदेशक सहित आरोपियों के लिए कमीशन को शामिल करते हुए उर्वरक और कच्चे माल का आयात ऊंची दर पर कर रहे थे.