
राजन्ना सिर्सिल्ला: तेलंगाना के राजन्ना सिर्सिल्ला में एक अजीबोगरीब घटना हुई. दरअसल यहां एक कोरोना संक्रमित सास ने जबरदस्ती अपनी बहू को गले लगा लिया और उसे भी वायरस से संक्रमित कर दिया. यह मामला राजन्ना सिर्सिल्ला के सोमायपेटा गांव का है. यह घटना इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, सास घर में ही क्वारंटीन थी. वह क्वारंटीन के दौरान फॉलो किए जाने वाले नियमों से तंग आ गई थी. इसीलिए उसने अपनी बहू को भी कोरोना संक्रमित कर दिया.
पीड़ित बहू ने कहा कि परिवार वालों की तरफ से उनसे सोशल डिस्टेंसिंग बनाना उन्हें बहुत बुरा लग रहा था. सास को घर में ही आइसोलेशन में रखा गया था. वो एक कमरे में ही रहती थीं. तय समय पर उनको खाना दिया जाता था. किसी को भी उनके कमरे में जाने की इजाजत नहीं थी. इससे वो परेशान हो गई थीं.
उन्होंने आगे कहा कि आइसोलेशन से परेशान होकर मेरी सास ने मुझे जबरन गले लगा लिया और बोलीं कि अब तुम्हे भी कोरोना हो जाएगा. सास ने बहू को गले लगाने से पहले ये भी कहा कि मेरे मरने पर तुम लोग खुशी से जीना चाहते हो.
मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित बहू की बहन उसके ससुराल आई और दोनों बच्चों के साथ उसे अपने घर ले गई. बहन के घर में अब पीड़ित बहू का इलाज किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, करीब 7 महीने पहले पीड़िता का पति ओडिशा चला गया था, वह वहां ऑटो ड्राइवर का काम करता है.
