
मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) में जारी सख्त पाबंदियों के बावजूद भी कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामलों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. पिछले 24 में यहां 13,659 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, जबकि 300 मरीजों की मौत हो गई है. यानी हर घंटे 12 लोग दम तोड़ रहे हैं.
सिर्फ मुंबई में मिले 866 मरीज
सिर्फ राजधानी मुंबई में ही कोविड-19 के 866 नए मामले सामने आए हैं, और 28 लोगों की मौत हुई है. हालांकि अच्छी खबर ये है कि नए संक्रमितों से ज्यादा 1,045 लोग एक दिन में कोरोना का मात देकर ठीक हो गए हैं. वहीं पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो एक दिन में 21,776 लोग कोरोना वायरस से जंग जीतकर ठीक हुए हैं. बताते चलें कि राज्य में मंगलवार को कोरोना वायरस के 14152 नए मामले सामने आए थे, जबकि 289 लोगों की मौत हो गई.
नांदेड़ जिले के 1179 गांव कोरोना से मुक्त
हालांकि नांदेड़ में पाबंदियों का असर सबसे ज्यादा देखा गया. यहां लगातार कोरोना के नए मामलों में कमी आई है. स्थिति ये है कि नांदेड जिले के कुल 1,604 गांवों में से 1,179 गांव कोरोना वायरस से मुक्त हो गए हैं, जबकि 271 अन्य गांवों में महामारी की दूसरी लहर के दौरान संक्रमण का एक भी मामला नहीं आया. अब तक के रिकॉर्ड देखें तो नांदेड जिले में कोविड-19 के कुल 90,000 से अधिक मामले आए हैं और 1,800 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है.
सोमवार से शुरू होगी महाराष्ट्र की अनलॉकिंग
इसी बीच महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) ने साप्ताहिक संक्रमण दर और ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता के आधार पर राज्य में कोरोना वायरस संबंधी प्रतिबंधों में ढील देने के लिए 5 लेवल योजना का ऐलान किया है. शुक्रवार देर रात इसके लिए अधिसूचना भी जारी कर दी गई थी. तीन जून को संक्रमण दर और ऑक्सीजन बिस्तर की उपलब्धता के आधार पर यह आदेश सात जून से लागू होगा.
LIVE TV
