News in Brief

उमरिया: मध्य प्रदेश के उमरिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल यहां एक 28 साल के युवक की बुरी तरह से जख्मी होने के बाद तब मौत हो गई जब उसने सड़क पर पड़े मिले पॉवर बैंक जैसे दिखने वाले डिवाइस में अपना चार्जर लगाया. वारदात के बाद से इलाके में सनसनी मची हुई है.

पुलिस के मुताबिक, पॉवर बैंक जैसे दिखने वाले डिवाइस में ब्लास्ट शुक्रवार को हुआ. हालांकि अभी तक ये साबित नहीं हुआ है कि ब्लास्ट होने वाला डिवाइस पॉवर बैंक ही था या कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस.

सब डिविजनल ऑफिसर ऑफ पुलिस भारती जाट ने बताया कि पीड़ित राम साहिल पाल को पॉवर बैंक जैसा दिखने वाला डिवाइस घर से खेत जाते वक्त रास्ते में पड़ा मिला था. यह घटना उमरिया के मानपुर थाना इलाके में हुई.

उन्होंने आगे कहा कि राम ने अपने पड़ोसी के घर जाकर जब डिवाइस में चार्जर के साथ अपना मोबाइल लगाया तब जोरदार धमाका हुआ. गांव वालों के अनुसार बुरी तरह से जख्मी होने की वजह से युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस अधिकारी ने कहा कि मौके से बरामद डिवाइस को फॉरेंसिक साइंस लैब में जांच के लिए भेज दिया गया, जिससे पता चल सके कि वह पॉवर बैंक था या कोई अन्य डिवाइस. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि डिवाइस कोई एक्सप्लोसिव नहीं था. युवक की मौत के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है.