News in Brief

Arvind Kejriwal on Rebari Culture: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अब केंद्र सरकार की आर्थिक हालत पर सवाल उठाए हैं. यह सवाल और जवाब का सिलसिला अब रेवड़ी कल्चर के मु्द्दे को उछाल रहा है. बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी ने फ्री सुविधाओं पर टिप्पणी की थी, इसके बाद से ही केजरीवाल लगातार केंद्र पर हमलावर हैं. उन्होंने आज पूछा कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो केंद्र सरकार सैनिकों को पेंशन देने से हिचकिचा रही है. केजरीवाल ने अग्निपथ योजना पर भी सवाल खड़े किए हैं.

केंद्र की आर्थिक हालत पर सवाल

अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या केंद्र सरकार की आर्थिक हालत ठीक है? वह बोले कि किसी सरकार ने अबतक नहीं कहा था कि देश की सुरक्षा के लिए पैसे की कमी है. केजरीवाल ने आगे कहा कि केंद्र ने पेंशन सुविधा खत्म करने के लिए अग्निवीर योजना की शुरुआत की. आगे कहा गया कि केंद्र सरकार ने 8वां वेतन आयोग लाने से भी मना किया है. 

‘ठगा सा महसूस कर रहा आम आदमी’

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी ठगा सा महसूस कर रहा है, क्योंकि केंद्र सरकार ने गरीब के खाने पर भी टैक्स लगा दिया है, वहीं बड़े व्यापारियों का 5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया है. केजरीवाल ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के लिए पैसा नहीं होने की बात कही है और इस साल इसमें 25% की कटौती हुई है.

‘अरबपति दोस्तों के टैक्स किए माफ’

केजरीवल ने यह भी कहा कि पिछले 75 वर्षों में कभी भी सरकार ने बुनियादी खाद्यान्न पर टैक्स नहीं लगाया. पेट्रोल और डीजल पर टैक्स 1000 करोड़ से अधिक है. वे अब कह रहे हैं कि सरकार की सभी मुफ्त चीजें खत्म होनी चाहिए, सरकारी स्कूलों, अस्पतालों में फीस ली जानी चाहिए. फ्री राशन बंद करने की बात कह रहे हैं. केंद्र का सारा पैसा कहां गया? वे इस सरकारी पैसे से अपने दोस्तों का कर्ज माफ कर रहे हैं. उन्होंने अपने अरबपति दोस्तों के टैक्स भी माफ कर दिए हैं. 

PM मोदी ने दिया था ये बयान

सूरत में एक संबोधन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि फ्री की चीजें करदाताओं के बोझ को बढ़ाती हैं, देश को आत्मनिर्भर बनने से रोकती हैं और नई तकनीकों में निवेश रुकता है. मुफ्त उपहार देना राष्ट्र हित में नहीं है.

ये स्टोरी आपने पढ़ी देश की सर्वश्रेष्ठ हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर