
Delhi Traffic challan news: अगर आपने भी अपनी कार या बाइक में प्रेशर हॉर्न (Pressure Horn) और परिवर्तित साइलेंसर लगवाएं हों तो सावधान हो जाइये. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) अब आपका चालान काट देगी. दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक उसने वाहनों में प्रेशर हॉर्न और परिवर्तित साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है. यातायात पुलिस ने ट्विटर के माध्यम से लोगों को इस अभियान के संबंध में सूचित किया है.
इस तरह जारी किया अल्टीमेटम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ट्वीट करके रोड पर नियम तोड़ने वालों के लिए ये अल्टीमेटम दिया है. ट्रैफिक विभाग ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘दिल्ली यातायात पुलिस अपने वाहनों में प्रेशर हॉर्न, परिवर्तित साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर जुर्माना लगाएगी. दिल्ली में शोर नहीं.’ वहीं इस विषय को लेकर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस पहले भी ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती थी, लेकिन अब उन पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा. अधिकारी ने कहा, ‘नियमों का उल्लंघन करके और प्रेशर हॉर्न तथा परिवर्तित साइलेंसर का उपयोग करके ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों का चालान काटा जाएगा.’
Starting today, #DelhiTrafficPolice shall be penalising those who use pressure horns and modified silencers in their vehicles.#DelhiMeinShorNahi pic.twitter.com/5z7ZrYaCat
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) August 20, 2022
प्रेशर हॉर्न पर भारी चालान
एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘हम डॉक्टरों से बातचीत करेंगे और उनसे ध्वनि प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में पूछेंगे. हम लोगों को शिक्षित करने के लिए साक्षात्कार प्रसारित करेंगे ताकि वे परिवर्तित साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का उपयोग बंद कर दें.’ ट्विटर पर तमाम लोगों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया और अन्य मुद्दों पर भी अपनी सलाह दी. अक्सर युवक बुलट और दूसरी बाइकों में ऐसे हॉर्न और साइलेंसर लगवाते हैं जोकि बहुत शोर करते हैं. आपको बताते चलें कि दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस पहले भी इसको लेकर चालान काटती थी मगर अब एक विशेष अभियान के तहत ऐसे लोगों पर भारी जुर्माना लगाते हुए कार्रवाई करेगी. वहीं कई शहरों में लड़कियों के साथ छेड़खानी की खबरें भी आती हैं जब कुछ मनचले तेज हॉर्न और साइलेंसर की आवाज बजाकर उनके पास से गुजरते हैं.
ये ख़बर आपने पढ़ी देश की नंबर 1 हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर
