
Amit Shah Attacks Uddhav Thackeray: गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को मुंबई में शिवसेना को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने बीजेपी के साथ धोखा किया है और उसको सबक सिखाने की जरूरत है. बैठक की जानकारी रखने वाले सूत्रों के मुताबिक शाह ने कहा, ‘हम राजनीति में कुछ भी बर्दाश्त कर सकते हैं लेकिन धोखा नहीं.’ सूत्रों के मुताबिक अमित शाह ने उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी में टूट के जिम्मेदार हैं. शाह ने कहा कि उद्धव का ‘लालच’ ही था, जिसकी वजह से उनकी पार्टी का एक धड़ा उनके खिलाफ हो गया.
‘विचारधारा को भी धोखा दिया’
शाह ने कहा, ठाकरे ने सिर्फ बीजेपी ही नहीं बल्कि विचारधारा को भी धोखा दिया है. उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों के जनाधार का अपमान किया है. मुंबई नगर निकाय चुनाव का बिगुल फूंकते हुए शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से शिवसेना को उसके घरेलू मैदान पर ‘गहरा घाव’ देने को कहा है.
शाह ने ठाकरे पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने पीएम मोदी और देवेंद्र फडणवीस के नाम पर 2019 के चुनाव में वोट मांगने के बावजूद एनसीपी और कांग्रेस के समर्थन से मुख्यमंत्री बनने के लिए हर चीज से समझौता किया. शाह ने बीजेपी नेताओं और चुनिंदा पदाधिकारियों की बैठक में कहा,’अगर आप किसी शख्स को किसी भी स्थान पर मारते हैं, तो यह दुख देता है. जब आप किसी शख्स को उसके घरेलू मैदान पर मारते हैं तो दर्द और गहरा होता है. अब यह समय शिवसेना को गहरा घाव देने का है.’
दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर शाह
गणपति उत्सव के दौरान शाह महाराष्ट्र की राजधानी के दो दिवसीय दौरे पर हैं. शाह ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले खेमे की मदद से शिवसेना को बीएमसी से बाहर करने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा, “मैं आप सभी से पूछ रहा हूं. जब तक BJP मुंबई पर नियंत्रण नहीं कर लेती, आप महाराष्ट्र नहीं जीत सकते. असली शिवसेना हमारे साथ आई है और अब उद्धव (ठाकरे) को उनकी जगह दिखाने का समय आ गया है.’ शाह ने कहा कि वह शिवसेना (शिंदे गुट) और BJP गठबंधन के लिए BMC की 227 सीट में से 150 सीट जीतने का लक्ष्य तय कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘अब यह निश्चित है कि BJP प्रधानमंत्री मोदी की अगुआई में निकाय चुनाव जीतेगी.
ये ख़बर आपने पढ़ी देश की नंबर 1 हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर
