
Gayatri Prajapati Case: समाजवादी पार्टी (SP) की सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति (Gayatri Prasad Prajapati) पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला को पुलिस ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है. जमीन की धोखाधड़ी और रंगदारी मामले में कोर्ट की तरफ से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था. इस पर गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने आरोपी महिला को आशियाना स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया. बता दें कि गायत्री प्रजापति अखिलेश यादव की सरकार में खनन मंत्री थे.
लखनऊ पुलिस ने किया महिला को गिरफ्तार
बता दें कि पुलिस ने उस महिला को गिरफ्तार कर लिया है कि जिसने सपा सरकार में खनन मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति पर रेप का आरोप लगाया था. लखनऊ पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है. जान लें कि सितंबर 2020 में महिला पर गोमती नगर विस्तार थाने में गायत्री प्रसाद प्रजापति और अनिल प्रजापति के साथ एफआईआर दर्ज हुई थी.
गायत्री प्रजापति की कंपनी के पूर्व डायरेक्टर ने दर्ज कराई FIR
जान लें कि गायत्री प्रजापति की कंपनी के पूर्व डायरेक्टर स्वर्गीय बृजमोहन चौबे ने गायत्री प्रजापति, अनिल प्रजापति और महिला पर धोखाधड़ी, जालसाजी, जान से मारने की धमकी और रकम हड़पने की एफआईआर लिखवाई थी. रेप के केस में बयान बदलने के लिए गायत्री प्रजापति ने अपनी कंपनी के डायरेक्टर बृजमोहन चौबे की जमीन भी कथित रूप से महिला के नाम लिखवा दी थी.
2 करोड़ रुपये मांगने के लिए दी धमकी
आरोप है कि महिला ने कोर्ट में बयान बदले तो बृजमोहन चौबे से 2 करोड़ रुपये मांगने के लिए धमकी देने लगी थी. बृजमोहन चौबे की तहरीर पर दर्ज हुए केस में गायत्री प्रजापति और अनिल प्रजापति के खिलाफ पुलिस पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है.
गौरतलब है कि महिला के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी था. पुलिस ने गैर जमानती वारंट पर महिला को गिरफ्तार किया है.
ये ख़बर आपने पढ़ी देश की नंबर 1 हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर
