News in Brief

Mira Bhayandar Leopard Attack: मुंबई के रिहायशी इलाके में एक बार फिर से तेंदुए का खौफ देखने को मिला है. जहां, जंगल के शिकारी ने मीरा भायंदर इलाके में लोगों पर हमला कर हड़कंप मचा दिया. तेंदुए के हमले में 4 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए, जिसके बाद वन विभाग की टीम को उसे पकड़ने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है. दरअसल, मीरा भायंदर के बीपी रोड पर पारिजात बिल्डिंग में तेंदुआ घुसने से दहशत फैल गई. बिल्डिंग में रह रहे लोगों ने तेंदुए की आहट सुनते ही घरों के दरवाजे और खिड़कियों को बंद कर लिया. जिसके बाद कुछ बहादुर लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया. 

सुबह 8 बजे घुसा तेंदुआ 
इससे पहले पारिजात बिल्डिंग में घूमते हुए तेंदुए की वीडियो यहां रहने वाले लोगों ने जमकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी की है. कुछ वीडियो में तेंदुआ छतों पर छलांग लगाता दिख रहा हैं तो कुछ में बिल्डिंग की सीढ़ियों पर लोगों की नजरों से छुपता भी नजर आ रहा है. जानकारी के अनुसार तेंदुआ सुबह 8 बजे बिल्डिंग के अंदर अंदर आया था, जिसके बाद उसके सामने जो कोई भी आया उसको उसने हमला करके बुरी तरह घायल कर दिया. तेंदुए के इस हमले में एक महिला और एक युवती को गंभीर चोटें आईं हैं. जिनको इलाज के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया है. 

Add Zee News as a Preferred Source

वन विभाग ने किया काबू
तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ट्रैंकुलाइजर गन लेकर उसके पीछे-पीछे बिल्डिंग के अंदर पहुंच गई. हालांकि, सुरक्षा के नजरिए से वन विभाग एक बड़ा लोहे का पिंजरा और अन्य सभी जरुरी उपकरण लेकर पहुंची थी. जिसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने बिल्डिंग को चारों तरफ से घेरा, ताकि तेंदुआ कहीं भाग न जाए. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर शिवसेना नेता और मंत्री प्रताप नाइक ने मौके पर पहुंचकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. हालांकि, वन विभाग की तरफ से तेंदुए को आखिरकार बेहोश कर दिया गया लेकिन उस वक्त भी उसने वन विभाग की टीम के लिए दहशत का माहौल बना रखा था, दरअसल, जो वीडियो सामने आया है उसमें तेंदुआ बेहोश होने के बावजूद भी अपने पंजे और मुंह को उठाने की कोशिश कर रहा है. हालांकि, बिल्डिंग के लोगों में तेंदुए की दहशत उसके पकड़े जाने पर कम हुई है. 

यह भी पढ़ें: Karnataka News – ‘मैं मुख्यमंत्री बना रहूंगा, नहीं हुआ ढाई साल का कोई समझौता…’ सिद्धारमैया ने सत्ता बंटवारे की बात को किया खारिज