
)
Shilpa Shetty On 60 Cr Fraud Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने 60 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ ही दी. उन्होंने इस मामले में शुक्रवार को एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को ‘बेबुनियाद’ बताया. उन्होंने कहा कि इन आरोपों से उन्हें काफी दुख पहुंचा है और उनका इस मामले से गलत तरीके से नाम जोड़ा जा रहा है. शिल्पा के मुताबिक, ये पूरा विवाद तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश है.
इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी कहा कि इन सब आरोपों से उनकी इमेज को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. अपने बयान में शिल्पा ने साफ किया कि जिस कंपनी से उनका नाम जोड़ा जा रहा है, उसमें उनका रोल सिर्फ ‘नॉन-एग्जीक्यूटिव’ का था. उन्होंने बताया, ‘मेरा कंपनी के रोज का काम, फाइनेंशियल डिसीजन, ऑपरेटिंग या किसी भी तरह की साइनिंग अथॉरिटी से कोई लेना-देना नहीं था’. शिल्पा ने बताया कि वे एक होम शॉपिंग चैनल के लिए कुछ प्रोडक्ट्स को प्रोफेशनल तौर पर प्रमोट करती थीं.
‘हम खुद इस मामले में पीड़ित हैं – शिल्पा शेट्टी
उन्होंने ये भी बताया कि आज तक उनको उस प्रमोश के पैसे भी नहीं मिले. एक्ट्रेस ने बताया कि उनके परिवार ने खुद इस कंपनी को करीब 20 करोड़ रुपये का लोन दिया था, जो अब तक वापस नहीं किया गया है. शिल्पा के मुताबिक, ‘हम खुद इस मामले में पीड़ित हैं, न कि आरोपी’. उन्होंने ये भी सवाल उठाया कि लगभग 9 साल बाद अचानक उनके खिलाफ आपराधिक जिम्मेदारी तय करने की कोशिश क्यों की जा रही है. शिल्पा ने इसे कानूनी तौर पर गलत और कानून केखिलाफ बताया.
‘मैं सालों पहले एक सूटकेस और…’ ‘धुरंधर’ के हिट होते ही आदित्य धर के मुंह से निकली ये बात, बताया कैसे आया इतना खतरनाक आइडिया?
मेरी इमेज खराब की जा रही है – शिल्पा शेट्टी
उन्होंने कहा कि ये पूरा मामला बेबुनियाद आरोपों पर टिका है. शिल्पा ने आरोप लगाया कि जानबूझकर फेक्ट्स को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है, ताकि उनकी इमेज को ठेस पहुंचाई जा सके. उन्होंने कहा, ‘बावजूद इसके मेरा नाम बार-बार इस मामले में घसीटा जा रहा है, जो काफी दुखद है बल्कि पूरी तरह गलत भी है’. शिल्पा ने इस बात पर भी जोर दिया कि इस तरह के निराधार आरोप किसी महिला की गरिमा, ईमानदारी और इमेज को पब्लिकली नुकसान पहुंचाते हैं, जो बिल्कुल भी सही नहीं है.
धोखाधड़ी केस में दिया ‘भगवद गीता’ का हवाला
अपने बयान में शिल्पा ने ‘भगवद गीता’ का हवाला देते हुए कहा, ‘अन्याय का विरोध न करना, जब वो आपका कर्तव्य हो, स्वयं अधर्म है’. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस मामले को रद्द कराने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में क्वैशिंग पिटीशन दायर की जा चुकी है. शिल्पा ने कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाएंगी. बता दें, इस साल की शुरुआत में शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर ये केस दर्ज किया गया था.
इस साल की शुरुआत में दर्ज हुआ था केस
2025 की शुरुआत में शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा ने 60.4 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था. शिकायतकर्ता दीपक कोठारी का आरोप है कि कपल की बंद हो चुकी कंपनी ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए उनसे निवेश के नाम पर रकम ली गई और बाद में उसका गलत इस्तेमाल किया गया. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच ईओडब्ल्यू कर रही है. इस मामले की चलते दोनों अक्सर सुर्खियों में रहते हैं.
