Harish Rana Coma Case: हरीश राणा साल 2013 में एक गंभीर हादसे का शिकार हुआ था. वह चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, तभी चौथी मंजिल की बालकनी से गिरने के कारण उसके सिर में गहरी चोट लग गई थी. इस हादसे के बाद से वह पूरी तरह होश में नहीं आ सका और आज तक वेजिटेटिव स्टेट में ही है.
बता दें कि इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है. जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के.वी. विश्वनाथन की बेंच ने कहा है कि अब इस केस में अंतिम फैसला लेना जरूरी हो चुका है. कोर्ट ने माना कि रिपोर्ट पढ़ना और फैसला लेना आसान नहीं है लेकिन युवक को इस हालत में हमेशा के लिए नहीं रखा जा सकता है.
AIIMS की मेडिकल रिपोर्ट बनी आधार
कोर्ट ने AIIMS की सेकेंडरी मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट को ध्यान से पढ़ने को कहा है. इस रिपोर्ट में हरीश राणा की पूरी मेडिकल हिस्ट्री, दिमाग की जांच, टेस्ट रिपोर्ट और डॉक्टरों की राय शामिल है. रिपोर्ट में साफ कहा जा चुका है कि सुधार की कोई उम्मीद नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने हरीश राणा के माता-पिता और भाई-बहनों को 13 जनवरी को कोर्ट में बुलाया है. उनसे इस बारे में बंद कमरे में बातचीत होगी. कोर्ट परिवार की भावनाओं और उनकी इच्छा को जानने के बाद ही कोई फैसला लेगा.
भारत में पैसिव यूथनेशिया का नियम
भारत में पैसिव यूथनेशिया की अनुमति तभी मिल पाती है जब दो मेडिकल बोर्ड इलाज हटाने पर सहमत हों. इसके साथ ही मरीज के परिवार की राय भी बहुत जरूरी होती है. सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि फैसला मेडिकल राय और परिवार की सहमति दोनों को देखकर ही लिया जाएगा. बता दें कि हादसे के बाद हरीश का इलाज पीजीआई चंडीगढ़, राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल और फोर्टिस अस्पताल जैसे बड़े अस्पतालों में भी हुआ. इतने सालों के इलाज के बाद भी उसकी हालत में कोई सुधार नजर नहीं आया.
हरीश राणा की देखभाल परिवार ने घर पर ही की. जब संभव हुआ नर्स भी रखी. इतने लंबे समय तक इलाज और देखभाल ने परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से पूरी तरह थका दिया. इससे पहले 2018 और 2023 में भी यूथनेशिया की मांग की गई थी लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया था.
यह तीसरी बार है जब मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा है. इस बार नई मेडिकल रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि हरीश के ठीक होने की कोई संभावना नहीं है. अब अदालत यह तय करेगी कि जीवन रक्षक इलाज हटाया जाए या नहीं.
यह भी पढ़ें: 87 लाख के सोने के ताबूत में 104 साल की मां का अंतिम संस्कार! नाइजीरियाई Prophet Jeremiah पर उठे सवाल
